
Raipur News: अजय रघुवंशी की रिपोर्ट. गणेशोत्सव में शहर की सड़कों पर उमड़ रही भीड़ के बीच ट्रैफिक व्यवस्था चरमराती नजर आ रही है। न ड्रोन से निगरानी नजर आ रही है और न ही आउटर में पुलिस के जवान। इन सबके बीच सोमवार को निगम के जोन अध्यक्ष प्रीतम ठाकुर की गाड़ी पर असामाजिक तत्वों के पथराव ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। परिवार के साथ गणेश पंडाल में शामिल होने जा रहे भाजपा नेता की गाड़ी में पथराव के बाद आरोपियों को रात को गिरफ्तार किया गया। पत्रिका ने पड़ताल में पाया कि गुढिय़ारी से लाखेनगर, सुंदरनगर, पुरानी बस्ती, अश्वनी नगर, आमापारा, रामसागरपारा और रामनगर तक कई इलाकों में शाम होते ही प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर वाहनों का दबाव बढ़ रहा है। पथराव की घटना ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
मैं प्रीतम सिंह ठाकुर अपने परिवार के साथ सोमवार को रात लगभग 10.30 बजे गणेश पंडाल के दर्शन करने निकला था। इसी दौरान आजाद चौक के पास दो युवकों ने जबरदस्ती विवाद की शुरुआत की। मैंने तत्काल 112 पर फोन कर सूचना दी। मौके पर पुलिस ने युवकों को पकड़ा, लेकिन कुछ ही मिनट में वे छूट गए। हमने सोचा कि विवाद शांत हो चुका है। हम कार से वहां से आगे बढ़ गए। इसी दौरान उक्त दोनों युवक कार का पीछा करते हुए आगे आए और मौका पाकर बैरन बाजार क्षेत्र में कार के पीछे पत्थर मार दिया, जिससे कांच टूट गया। इससे हमारा परिवार काफी डर गया। गाड़ी में महिला सदस्य भी थी। घटना के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए। मैंने मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई। इस घटना का वीडियो रिकार्ड भी पेश किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गणेश पंडालों और बाजार क्षेत्रों में बड़ी संख्या में परिवार पहुंच रहे हैं। ऐसे में नशाखोरी, अड्डेबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण जरूरी है। भीड़ वाले क्षेत्रों में सिर्फ पंडालों की निगरानी पर्याप्त नहीं, बल्कि आने-जाने वाले रास्तों, पार्किंग, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर भी लगातार निगरानी जरूरी है।
पुलिस के मुताबिक घटना की सूचना पर थाना सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की पतासाजी प्रारंभ की गई। सीसीटीवी फुटेज एवं घटना में प्रयुक्त वाहन के नंबर के आधार पर दोनों युवकों की पहचान की गई। पहचान होते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महज एक घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी में कृष यादव, 19 वर्ष व आदित्य सिंह ठाकुर, उम्र 22 वर्ष हैं। दोनों पंकज गार्डन के पास, खो-खो पारा, पुरानी बस्ती के रहने वाले हैं।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, अमित तुकाराम काम्बले ने बताया कि गणेश पंडालों के आस-पास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन गंभीर है। समिति को भी निर्देश दिए गए हैं। चौकसी बढ़ाई गई है। ड्रोन से निगरानी की जा रही है। असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।