रायपुर

छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी गर्मी की तपिश! अगले 4 दिन में 3-4 डिग्री चढ़ेगा पारा, 14 अप्रैल से लू के आसार

CG Weather Update: मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।

2 min read
Apr 12, 2026
छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी गर्मी की तपिश! अगले 4 दिन में 3-4 डिग्री चढ़ेगा पारा, 14 अप्रैल से लू के आसार(photo-patrika)

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अब गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। इससे प्रदेश के कई हिस्सों में पारा 42 डिग्री या उससे अधिक पहुंच सकता है। खासकर रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में 14 अप्रैल से लू चलने के आसार जताए गए हैं।

CG Weather Update: राजधानी का तापमान बढ़ने की ओर

राजधानी रायपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम रहा। वहीं रविवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि आने वाले दिनों में तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना है।

राजनांदगांव रहा सबसे गर्म

शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जहां पारा 38.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। फिलहाल राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री तक कम बना हुआ है, लेकिन मौसम के शुष्क होने के कारण अब इसमें लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

पिछले दिनों बारिश और अंधड़ से मिली राहत

अप्रैल के शुरुआती दिनों में प्रदेश में ऊपरी हवा के चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से कई जगह अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली थी। राजधानी समेत कई इलाकों में बादल छाए रहे, जिससे दिन और रात के तापमान में राहत बनी रही। यही वजह है कि इस बार अप्रैल के शुरुआती 11 दिनों में तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया।

अब बढ़ेगी तपिश, लू का खतरा

मौसम साफ होने और नमी कम होने के कारण अब तेज गर्मी का दौर शुरू होने जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में लू का असर बढ़ेगा, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

स्वास्थ्य पर पड़ सकता है असर

लू और बढ़ते तापमान का सीधा असर स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। खासकर बुजुर्ग, बच्चे और बाहर काम करने वाले लोगों को अधिक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। दिन के समय धूप में निकलने से बचने, पानी का सेवन बढ़ाने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।

आने वाले दिनों में सतर्कता जरूरी

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों को लेकर अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को गर्मी और लू से बचाव के उपाय अपनाने की जरूरत है, ताकि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या से बचा जा सके।

Updated on:
12 Apr 2026 08:52 am
Published on:
12 Apr 2026 08:51 am
Also Read
View All