रायपुर

अगस्ता की खूबियां बता रहे वकील को जज ने रोका और पूछा – ये बताओ पब्लिक मनी के साथ कोई गड़बड़ी तो नहीं की

अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलीकॉप्टर की खरीद मामले में कोर्ट ने पूछा कि हम ये जानना चाहते हैं कि आपने पब्लिक मनी के साथ गड़बड़ी तो नहीं की।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2017, 1:38 PM IST
supreme court

नई दिल्ली/रायपुर.अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलीकॉप्टर की खरीद मामले में सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ सरकार से पूछा है कि वो ये बताएं कि इसके लिए सही तरीके से निविदा आमंत्रित की गई थी की नहीं। कोर्ट ने छत्तीसगढ़ सरकार को दस्तावेजों को दिखाने के निर्देश दिए।

जस्टिस आदर्श कुमार गोयल की अध्यक्षता वाली बेंच ने छत्तीसगढ़ सरकार के वकील महेश जेठमलानी की दलीलों को बीच में ही रोका। महेश जेठमलानी अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर की खूबियों के बारे में बता रहे थे। वे बता रहे थे कि अगस्ता से ही सारी जरूरतें पूरी हो रही थीं और उसकी खरीद में कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ था। कोर्ट ने पूछा कि हम ये जानना चाहते हैं कि आपने पब्लिक मनी के साथ गड़बड़ी तो नहीं की।

निविदा के समय ही विदेशों में खाता क्यों खोले गए। कोर्ट ने इसके लिए छत्तीसगढ़ सरकार को दो हफ्ते का समय दिया। मामले की अगली सुनवाई 18 जनवरी को होगी। पिछले 16 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ सरकार को निर्देश दिया था कि 2006 में अगस्ता वेस्टलैंड वीआईपी हेलीकॉप्टर की खरीद से संबंधित सभी दस्तावेज कोर्ट में पेश करें। सुप्रीम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ सरकार से ये पूछा कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय के प्रधान सचिव की उस राय को महत्व क्यों नहीं दिया गया जिसमें उन्होंने कहा था कि दूसरी कंपनियों के हेलीकॉप्टर पर भी विचार करें।

हेलीकॉप्टर नहीं, निविदा आमंत्रण के तरीके पर विचार कर रहे हैं
गुरुवार को सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता स्वराज अभियान के वकील प्रशांत भूषण ने 534 पेजों के दस्तावेज कोर्ट को सौंपे जिसमें सरकारी दस्तावेज और आरटीआई के जवाब शामिल हैं। उन्होंने एक ताजातरीन आरटीआई के मिले जवाब के बारे में बताया कि सरकार बेल हेलीकॉप्टर खरीदना चाहती थी लेकिन अगस्ता हेलीकॉप्टर के खास मॉडल की मांग की गई।

तब जस्टिस गोयल ने कहा कि हम इस पर विचार नहीं कर रहे हैं कि कौन सा हेलीकॉप्टर खरीदा गया। बल्कि ये है कि निविदा सही तरीके से आमंत्रित की गई कि नहीं। सुनवाई के दौरान छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से वकील महेश जेठमलानी ने कहा कि झारखंड सरकार ने यूरो हेलीकॉप्टर कभी नहीं खरीदा। इसके बारे में याचिकाकर्ता ने कोर्ट को गलत जानकारी दी है।

कमीशन से विदेशों में खाते खोले जाने की चर्चा
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील प्रशांत भूषण ने कहा था कि छत्तीसगढ़ से नागरिक उड्डयन मंत्रालय के पास अनुशंसा भेजी गई कि अगस्ता वेस्टलैंड के हेलीकॉप्टर खरीदें जाएं। उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टर डील में जो कमीशन मिला, उससे विदेशों में खाते खोले गए, इसका जिक्र पनामा पेपर्स में भी है।

केंद्र सरकार की ओर से अटार्नी जनरल केके वेणुगोपाल ने कहा था कि याचिकाकर्ता ने आईटी एक्ट का उल्लंघन कर दस्तावेज प्रस्तुत किया है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट रुल्स 2013 का जिक्र किया जिसके मुताबिक कोर्ट में पेश किए गए दस्तावेजों के स्रोत के बारे में जानकारी देनी होगी। बचाव पक्ष की ओर से वरिष्ठ वकील महेश जेठमलानी ने कहा कि याचिका अनुमानों पर आधारित है। इसमें कोई तथ्य नहीं है।

Published on: