
अब दूसरे चरण में दूसरे तरफ गर्डर चढ़ाने का काम कराया जाना है। पीडब्ल्यूडी अफसरों का दावा है कि सितंबर महीने के आखिरी तक टाटीबंध पुल के साथ ही गोगांव अंडरब्रिज और शंकर नगर क्रासिंग पर ओवरब्रिज सहित रिंग रोड की तीन बड़ी क्रासिंग पर आेवरब्रिज की सौगात राजधानी के लोगों को मिल जाएगी। इस पर प्लान पर काम कराया जा रहा है।
पहले चरण में पुल एक हिस्से में गर्डर चढ़ाने का काम पूरा हुआ। बताया जाता है कि एक सप्ताह बाद पुल के दूसरे हिस्से में गर्डर चढ़ाने का काम कराया जाएगा। टाटीबंध पुल पर रेल पटरी वाले हिस्से में ३७ मीटर लंबा और छह फीट चौड़ाई के कुल 12 गर्डर दो-दो के ज्वाइंट में छह गर्डर लगाया जा रहा है। पुल निर्माण यह बड़ा काम माना जा रहा है, क्योंकि इसके लिए रेलवे जब तक ब्लाक तय नहीं करता है, तब तक गर्डर नहीं चढ़ाया जा सकता है। सोमवार को आधी रात से लेकर सुबह तक पीडब्ल्यूडी ब्रिज जोन के चीफ इंजीनियर डीके अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता जीपी पंवार और कार्यपालन अभियंता एसव्ही पड़ेगांवकर सहित रेलवे के अफसर मौके पर डटे रहे।
टाटीबंध पुल रेलवे के उरकुरा-सरोना मालगाड़ी रेल लाइन पर है। इस पुल के ऊपर से वाहनों की आवाजाही तो नीचे से मालगाडि़यां आती-जाती हैं। पुल पर गर्डर चढ़ाने के लिए 20 दिनों से दो बड़ी क्रेनें खड़ी थीं। रेलवे से ब्लाक मिलने पर चार घंटे में एक तरफ गर्डर चढ़ाने का काम सफलता से हुआ। ठेकेदार के अनुसार क्रेन का एक दिन का किराया एक लाख रुपए और जीएसटी अलग से देना पड़ेगा। यानी, 20 दिन से खड़ी क्रेन का किराया 20 लाख रुपए और गर्डर चढ़ाने में 25 से 30 लाख रुपए क्रेन के किराए पर खर्च होगा।
45 करोड़ की लागत से महोबा बाजार-टाटीबंध पुल का चौड़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है। ठेका बंका कंस्ट्रक्शन कंपनी को मिला हुआ है। पहले यह पुल 7 मीटर चौड़ा था, बन जाने पर लगभग 14 मीटर चौड़ा हो जाएगा। टाटीबंध से जयस्तंभ वाली जीई रोड पर वाहनों की आवाजाही आसान हो जाएगी।
पीडब्ल्यूडी ब्रिज के अधीक्षण अभियंता जी.पी. पंवार ने कहा कि गर्डर चढ़ जाने के बाद पुल के निर्माण में काफी तेजी आएगी। दूसरी बार रेलवे का ब्लाक तय होते ही पुल के दूसरे हिस्से में गर्डर चढ़ाने का काम पूरा हो जाएगा। एक महीने बाद टाटीबंध पुल का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।