रायपुर

शराब दुकान की ओर से चला पत्थर प्रदर्शन करने वाली महिला का सिर फूटा

शनिवार को प्रदर्शन के दौरान शराब दुकान के कर्मचारी और महिलाओं की बीच हल्की झड़प हो गई
2 min read
• •
Updated: 8 Apr 2018, 10:15 AM IST
Liquor shop in front of school
शराब दुकान की ओर से चला पत्थर प्रदर्शन करने वाली महिला का सिर फूटा

रायपुर . राजधानी में शराब दुकानों को लेकर विरोध तेज होता जा रहा है। डूंडा में शनिवार को प्रदर्शन के दौरान शराब दुकान के कर्मचारी और महिलाओं की बीच हल्की झड़प हो गई। झड़प के बीच ही किसी ने पत्थर फेंक दिया, जिससे शराब दुकान का विरोध कर रही एक महिला का सिर फट गया।

महिला को जिला अस्पताल में डॉक्टरी मुलाहिजा के लिए ले जाया गया। इसके अलावा शराब दुकान कर्मचारी से पूछताछ की जा रही है। राजधानी के डूंडा इलाके में स्कूल के सामने शराब दुकान खोलने का विरोध पिछले आठ दिनों से चल रहा है। शनिवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान जब महिलाएं और स्कूली बच्चे प्रदर्शन कर रहे थे। कुछ लोग शराब लेने दुकान पहुंचे, जिन्हें महिलाओं ने रोका तो अचानक दुकान के भीतर से एक पत्थर महिला के सिर पर आकर लगा। इसके बाद घटनास्थल पर भगदड़ मच गई। घटना के वक्त पुलिस भी मौके पर मौजूद थी। डूंडा गांव में 2 सरकारी स्कूल के बीच में शराब दुकान खोली गयी है। स्कूली बच्चों ने भी इसका विरोध पिछले कई दिनों से कर रखा है। महिलाएं और बच्चे शराब दुकान के सामने मुखौटा लगाकर प्रदर्शन कर रहे थे। उसी दौरान ये घटना सामने आई है।

लाखे नगर में डंटे व्यापारी : अश्वनी नगर में नई जगह में शिफ्ट हुई दुकान का विरोध शनिवार को भी जारी रहा। व्यापारी दुकान के सामने ही धरने पर बैठे रहे। लाखे नगर चौक स्थित शराब दुकान को कृष्णा बर्तन भंडार, मां शारदा कंस्ट्रक्शन परिसर में खोलने की तैयारी की जा रही है। स्थान परिवर्तन के विरोध में लंबे से समय से स्थानीय व्यापारी और रहवासियों द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है। शुक्रवार को व्यापारियों ने दुकाने बंद रख कर प्रदर्शन किया था।

शिफ्टिंग की तैयारी

विरोध-प्रदर्शनों के मद्देनजर आबकारी विभाग ने शराब दुकानों को शिफ्ट करने का निर्णय ले लिया है। इसके लिए आबादी से दूर दुकानें लेने के लिए बातचीत चल रही है। दुकान मालिकों से किराए पर बातचीत चल रही है। किराए को लेकर सहमति बनने पर दुकानें शिफ्ट करने की बात कही जा रही है।

माना से लगे हुए गांव बनरसी में रहवासी क्षेत्र में खोली जा रही शराब दुकान का विरोध स्थानीय लोगों ने शुरू कर दिया है। सोमवार को दिन भर स्थानीय लोग दुकान सामने ही डंटे रहे। लोगों का कहना है कि रहवासीय इलाके में दुकान खोलने से क्षेत्र में अपराध बढऩे की संभवाना है। इतना ही नहीं लोग यह चाहते है कि गांव के आसपास से ही दुकाने हटा दी जाएं।

शनिवार को मरवाही विधायक अमित जोगी भी डूंडा शराब दुकान के विरोध-प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताआें और समर्थकों के साथ करीब आधे घंटे तक धरना स्थल विरोध दर्ज कराया। स्थानीय लोगों ने जोगी को बताया कि शराब दुकान खुलते ही बच्चों की पढ़ाई बाधित होने लगी है। यही नहीं, शराबियों की आवाजाही बढऩे से गांव का माहौल भी खराब होने लगा है।

Published on: