
CG Election News 2024: प्रदेश सहित राजधानी में भीषण गर्मी का दौर चल रहा है। राजधानी रायपुर का पारा 42 डिग्री से ज्यादा पहुंच चुका है। ये गर्मी आम जीवन के साथ लोकसभा चुनाव के प्रत्याशियों के प्रचार में खलल डाल रही है। भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशियों ने मतदान के वोटिंग के दिन कम होने के कारण प्रचार में कोई कसर नहीं छोड़ना चाह रहे हैं। लेकिन गर्मी में फिट रहने के लिए दोनों ही प्रत्याशियों ने प्रचार का तरीका बदल दिया है। दोपहर की बजाए सुबह और शाम ज्यादा से ज्यादा प्रचार करने में अपनी ताकत झोंक रहे हैं। साथ ही खान-पान व पहनावा पर भी ध्यान दे रहे हैं।
रायपुर लोकसभा के कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों की ऐसी है दिनचर्या
बृजमोहन अग्रवाल: रायपुर लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल जहां शाम से लेकर रात तक घर-घर, गांव-गांव प्रचार और बैठकों में ज्यादा जोर लगा रहे हैं। बृजमोहन अग्रवाल लोकसभा क्षेत्र में प्रचार के लिए दोपहर बाद निकलते हैं। शाम पांच बजे तक वे पंडाल लगाकर चुनावी बैठक करते नजर आते हैं। साथ ही कभी-कभार किसी सामाजिक भवन या किसी के निजी भवन में क्षेत्र के पदाधिकारियों की चुनावी बैठकें करते हैं।
खानपान:प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल गर्मी को ध्यान में रखते हुए सुबह स्प्राउट और मठा का सेवन ज्यादा कर रहे हैं। चाय के शौकीन होने के कारण इसे भी ज्यादा ले रहे हैं। इसके अलावा दोपहर के खाने में हल्का भोजन ही लेते हैं। इन दिनों तैलीय चीजों को पूरी तरह से एवाइड कर दिए है।
विकास उपाध्याय : कांग्रेस विकास उपाध्याय प्रचार के लिए सुबह छह बजे से ही घर से निकल जाते हैं। सुबह 10 बजे तक क्षेत्र के गार्डनों, बस्तियों और कॉलोनियों में घर-घर जाकर जनसंपर्क करते है। 10.30 बजे घर आते हैं। फिर करीब एक घंटे बाद नाश्ता करके फिर क्षेत्र में चुनाव प्रचार के लिए निकल जाते हैं, रात 10 बजे तक प्रचार करते रहते है। दोपहर में जरूर छायादार जगहों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों के साथ चुनावी बैठकें करते हैं। शाम बजे के बाद फिर सघन प्रचार में जुट जाते हैं।
खानपान: विकास उपाध्याय ने बताया कि गर्मी को देखते हुए वे नींबू पानी, ड्राय खाना, दाल-चावल ले रहे हैं। गर्मी में प्रचार के दौरान थकान महसूस न हो इसलिए जूस, मठा आदि पेय पदार्थ भी साथ लेकर चलते हैं। प्रचार के दौरान बीच-बीच में एनर्जी बनाए रखने के लिए इसका सेवन करते हैं।
गर्मी से बचने ये करना जरूरी
पं. जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉ योगेंद्र मल्होत्रा का कहना है कि चुनाव प्रचार में निकलने के पहले हल्का भोजन करें। पूरी बांह के कपड़े हों। नंगे पैर बाहर न निकलें। पानी, नींबू पानी, नारियल पानी व छाछ ज्यादा पीएं। ज्यादा देर तक धूप में रहना हो तो छाते का उपयोग करें। पानी व छाछ, नीबू पानी व नारियल पानी की बोतल साथ रखें। चुनाव प्रचार से लौटकर पर्याप्त आराम करें। लू लगने की स्थिति में विशेषज्ञ डॉक्टर को जरूर दिखाएं।