रायपुर

छत्तीसगढ़ में हुआ स्काई योजना का आगाज, जानिए कब कहां होगा स्मार्टफोन का वितरण

राजधानी में नि:शुल्क स्मार्टफोन वितरण की शुरुआत, डॉ. रमन सिंह और फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत ने चुनिंदा लोगों को सौंपा फोन
2 min read
• •
Updated: 31 Jul 2018, 11:43 AM IST
sky yojana
छत्तीसगढ़ में हुआ स्काई योजना का आगाज, जानिए कब कहां होगा स्मार्टफोन का वितरण

रायपुर. राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी स्मार्टफोन वितरण योजना का सोमवार को विधिवत आगाज हो गया। राजधानी के बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में आयोजित मोबाइल तिहार में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत ने चुनिंदा विद्यार्थियों और महिलाओं को स्मार्टफोन देकर इसकी शुरुआत की।

दो दिवसीय प्रवास के दौरान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 26 जुलाई को जगदलपुर में इस योजना का औपचारिक शुभारंभ किया था। इस योजना के तहत 60 हजार विद्यार्थियों, 40 लाख ग्रामीण महिलाओं और 5 लाख शहरी गरीब परिवारों को नि:शुल्क स्मार्टफोन दिया जाना है।

मुख्यमंत्री ने इसे दुनिया की सबसे बड़ी स्मार्टफोन वितरण योजना बताई। मुख्यमंत्री ने इस दौरान 556 मोबाइल टॉवरों और मोबाइल एप गोठ का भी लोकार्पण किया। इस मौके पर नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अमर अग्रवाल, खाद्य मंत्री पुन्नूलाल मोहले, लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत, धरसीवां विधायक देवजी भाई पटेल, मुख्य सचिव अजय सिंह आदि मौजूद थे।

एक सेकंड का हिसाब और योजना : इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव अमन कुमार सिंह ने योजना की शुरुआत का किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा, 14 अप्रैल 2017 को लोक सुराज के दौरान नारायणपुर जाते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री को एक सेकंड में क्या कुछ घट जाता है, उससे जुड़ा एक आंकड़ा साझा किया था। उसके मुताबिक एक मिनट में 60 सेकंड होते है। एक दिन में 86 हजार 400 सेकंड होते हैं, लेकिन एक सेकंड में गूगल में 37 लाख सर्च हो जाता है, यू ट्यूब में 43 लाख सर्च हो जाता है, इसी दौरान एक करोड़ 80 लाख मैसेज एक्सजेंच हो जाते हैं, 3 करोड़ 80 लाख वॉट्सएप मैसेज हो जाते हैं और लगभग 19 करोड़ ईमेल चले जाते हैं। नारायणपुर में ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से कहा, उनके पास स्कूल, आंगनबाड़ी सब कुछ है, बस मोबाइल नहीं है। जिनके पास है, वह काम नहीं करता। मुख्यमंत्री को बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में केवल 29 प्रतिशत परिवारों के पास मोबाइल है। उसी दिन उन्होंने हर परिवार में मोबाइल पहुंचाने की योजना बनाने का निर्देश दे दिया था।

मुख्यमंत्री आबादी पट्टा वितरण योजना का शुभारंभ : इसी दौरान रायपुर जिले के लिए मुख्यमंत्री आबादी पट्टा वितरण योजना का भी शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री ने कुछ लोगों को प्रतीक स्वरूप आबादी पट्टा सौंप कर शुभकामनाएं दी। योजना के तहत रायपुर जिले में एक लाख और रायपुर शहर में 18 हजार परिवारों को आबादी पट्टे दिए जाएंगे।

फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत ने कहा, वे छत्तीसगढ़ पहली बार आई हैं, लेकिन यह उनके राज्य हिमाचल प्रदेश का एहसास दे रहा है। उनका कहना था, स्मार्टफोन से महिला सशक्तिकरण के लिए हो रहे प्रयासों को भी सफलता मिलेगी। जब तक महिला सशक्तिकरण नहीं होगा तब तक देश का विकास नही हो सकता।

(स्रोत- चिप्स से जारी कार्यक्रम, दुर्ग जिले में मुख्यमंत्री के लिए तिथि बदली गई है। दूसरे जिलों में भी आंशिक बदलाव संभव)

Updated on:
31 Jul 2018, 11:43 AM IST
Published on: