
CM ने महिलाओं और स्टूडेंट्स को बांटे 4जी स्मार्टफोन, कंगना ने की तारीफ
रायपुर. नमस्कार, यहां आए सभी लोगों को प्यार। हैरानी की बात है कि इतने सालों के बाद भी अब तक रायपुर नहीं आई। यह पहला मौका है जब मैं रायपुर आई हूं। यहां इतनी हरियाली और खूबसूरती है। यह खूरसूरती मुझे हिमाचल की याद दिलाती है, जहां की मैं रहने वाली हूं। यह बातें मशहूर फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत ने राजधानी रायपुर के इनडोर स्टेडियम में मोबाइल तिहार (त्योहार) कार्यक्रम में कहीं।
इस दौरान कंगनाने सीएम रमन सिंह की प्रशंसा की और कहा कि देश में करीब आधी आबादी महिलाओं की है, जिन्हें आगे बढ़ाने के लिए सीएम रमन सिंह ने यह योजना शुरू की। उन्होंने कहा कि ये मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता ही है कि उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए यह कार्यक्रम लॉन्च किया। कंगना ने कहा कि इस बात का मुझे गर्व है कि मैं इस काम के लिए यहां आई हूं। उन्होंने कहा कि इस मोबाइल के इस्तेमाल से महिलाएं केवल बात ही नहीं करेंगी, बल्कि छोटे से छोटे गांव की महिला पूरे विश्व से जुड़ेंगी।
मोबाइल तिहार की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा कि मोबाइल संचार क्रांति महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत प्रदेश की 40 लाख बहनों को ४जी स्मार्टफोन का वितरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक नए युग में प्रवेश करने जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मोबाइल कनेक्टिविटी का अर्थ केवल बात करने तक सीमित नहीं है। आज स्मार्टफोन से आप रेल टिकट बुकिंग, बैंक ट्रांजेक्शन, योजनाओं के लिए अप्लाई करने से लेकर किसी भी प्रकार की सेवा और सुविधा का लाभ कभी भी कहीं से भी प्राप्त कर सकते हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री रमन सिंह और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने महिलाओं और स्टूडेंट्स को 4जी स्मार्टफोन बांटे।
Updated on:
30 Jul 2018, 4:29 PM IST
Published on:
30 Jul 2018, 2:45 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.