रायपुर

Bastar Olympics 2025: आज बस्तर ओलंपिक 2025 का फाइनल दिन, अमित शाह और बाईचुंग भूटिया होंगे मुख्य अतिथि…

Bastar Olympics 2025: समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान बाईचुंग भूटिया विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
2 min read
Dec 13, 2025
Feature image
Bastar Olympics 2025: आज बस्तर ओलंपिक 2025 का फाइनल दिन, अमित शाह और बाईचुंग भूटिया होंगे मुख्य अतिथि...(photo-patrika)

Bastar Olympics 2025: छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय बस्तर ओलंपिक 2025 का आज समापन हो रहा है। समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान बाईचुंग भूटिया विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम को लेकर आयोजन स्थल पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं।

रायपुर पहुंचने पर बाईचुंग भूटिया ने बस्तर ओलंपिक की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों के खिलाड़ी स्वाभाविक रूप से खेल प्रतिभा से भरपूर होते हैं और सही प्रशिक्षण मिलने पर वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक पदक जीत सकते हैं।

Bastar Olympics 2025: खेल और संस्कृति का संगम

ट्राइबल क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति जुनून पहले से ही मौजूद है, जरूरत सिर्फ उन्हें सही मंच और ट्रेनिंग देने की है। गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लगातार दूसरी बार बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह में शामिल हो रहे हैं। बस्तर ओलंपिक 2025 की शुरुआत 11 दिसंबर को हुई थी।

उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, मंत्री केदार कश्यप सहित कई जनप्रतिनिधि और खेल जगत की हस्तियां मौजूद रहीं। इस दौरान भारतीय बॉक्सर मैरी कॉम ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा था कि आदिवासी अंचलों के युवा भविष्य में देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

बस्तर ओलंपिक की खासियत

पिछले वर्ष आयोजित बस्तर ओलंपिक ने देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ‘मन की बात’ कार्यक्रम में इस आयोजन की विशेष सराहना की थी। बस्तर ओलंपिक का मुख्य उद्देश्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ना, खेलों के माध्यम से सकारात्मक और शांतिपूर्ण वातावरण बनाना है। इस वर्ष भी राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित खिलाड़ी पारंपरिक और आधुनिक खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

विजेताओं को मिलेगा सीधा लाभ

खेल विभाग ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार राशि की घोषणा की है। इसके तहत जूनियर वर्ग के प्रत्येक खिलाड़ी को 2400 रुपये और सीनियर वर्ग के प्रत्येक खिलाड़ी को 3000 रुपये दिए जाएंगे। इसके साथ ही, जूनियर वर्ग के विजेताओं को सीधे शासकीय खेल अकादमी में प्रवेश मिलेगा, जहां उन्हें आधुनिक सुविधाओं के साथ उच्चस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।

Published on:
13 Dec 2025 10:48 am