शहर में ज्यादातर युवा नशे की गिरफ्त में हैं। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि 17 दिन में 88 तस्करों पर कार्रवाई की गई है।
Raipur News : शहर में ज्यादातर युवा नशे की गिरफ्त में हैं। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि 17 दिन में 88 तस्करों पर कार्रवाई की गई है। नशा सेवन करने वालों के लिए हानिकारक तो होता ही है, लेकिन यह उससे जुड़े लोगों के लिए भी खतरनाक है। कई बार नशे के लिए दूसरे व्यक्ति को नुकसान पहुंचाने की खबरें कई बार सामने आती है। ये वही लोग हैं जो नशे की लत से दूर नहीं हो पा रहे और नशे के लिए किसी भी हद तक पहुंच जाते हैं। इससे जितनी जल्दी हो दूर होना ही उचित है।
Raipur News : जानकारी के अनुसार नशा युवा पीढ़ी को अपनी गिरफ्त में ज्यादा ले रहा है। गांजा, स्मैक, हेरोइन, चरस, कोकीन, नशीली गोलियां आदि मादक पदार्थों की चपेट में आने से युवा धीरे-धीरे बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। इसे लेकर डॉक्टर्स ने भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि लोगों को नशे से दूर रहना चाहिए, जो लोग नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं, उनके शरीर पर इसका नकारात्मक असर पड़ता है।
कर रहे जागरुक
Raipur News : रायपुर पुलिस ने नशे के विरूद्ध हैलो जिंदगी छेड़ रखा है। सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक अभियान चलाकर लोगों से नशे से दूर रहने की अपील कर रहे हैं। पुलिस नशा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी कर रही है। 15 जुलाई से शुरू हुए इस अभियान में रायपुर जिले में 17 गांजा तस्कर, 64 शराब तस्कर, 3 नशीली टैबलेट बेचने वाले और 4 हुक्का, ई-सिगरेट व तंबाखू बेचने वालों पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
अक्सर देखा गया है कि किसी के कहने पर नशा तो कर लिया जाता है, लेकिन यही बाद में आदत बन जाती है। नशीली सामग्रियों के सेवन से इम्युनिटी और रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है। नशे का सेवन करने वालों के व्यवहार में बदलाव हो जाता है और उनके निर्णय लेने की क्षमता कम हो जाती है। ज्यादा नशीली सामग्रियों के सेवन से सेन्स (समझने) खत्म हो जाता है और वो ना चाहकर भी अजीबो गरीब हरकतें कर बैठते हैं।
- डॉ. राजीव साहू, न्यूरोसर्जन
इस तरह छोड़ें नशा
- मन को पक्का करें और कभी नशा न करने की सोचें।
- अगर नशा नहीं छूट रहा है, तो उसकी क्वांटिटी घटा दें।
- अगर आप नशा छोड़ने के इच्छुक हैं तो अपनों का सहारा लें।
- सिगरेट या गुटखे की तलब हो तो इलायची या सौंफ आदि लें।
- दवाओं के जरिए भी ड्रग्स की लत को छोड़ा जा सकता है।
- योग, ध्यान और एक्सरसाइज कर खुद को फिट रखें।