सुबह 5 बजे से मतदान केंद्र के सामने वोटर्स कतार में लगकर मतदान केंद्र खुलने का इंतजार कर रहे है। बता दें कि, मतदान करने का समय सुबह 7 बजे से शुरू है।
3rd Phase Voting 2024: छत्तीसगढ़ में आज तीसरे चरण में सात सीटों पर मतदान होने जा रहा है। वोट डालने लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह 5 बजे से मतदान केंद्र के सामने वोटर्स कतार में लगकर मतदान केंद्र खुलने का इंतजार कर रहे है। बता दें कि, मतदान करने का समय सुबह 7 बजे से शुरू है। मतदान शांतिपूर्ण से हो इसके लिए सातों लोकसभा क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर जवान तैनात है। वहीं मतदान से पहले मतदाता कर्मियों ने ईवीएम की मॉक टेस्ट वोटिंग कर ली है।
तीसरे चरण में 7 सीटों पर मतदान होने जा रहा है। पहले चरण में मतदान बस्तर लोकसभा सीट पर 19 अप्रैल को हुआ इस सीट पर 67.56 प्रतिशत मतदान हुआ। दूसरे चरण के मतदान में प्रदेश में तीन कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद लोकसभा सीट पर मतदान हुआ। दूसरे चरण के मतदान में 76.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अब तीसरे चरण के मतदान में 7 लोकसभा सीट रायपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा लोकसभा सीट में मतदान होगा।
छत्तीसगढ़ में तीसरे चरण में मतदान के लिए चुनाव आयोग ने प्रदेश के सात सीटों पर 77 हजार 592 मतदान कर्मियों को नियुक्त किया है। तीसरे चरण में मतदान संपन्न करने के लिए 15 हजार 701 मतदान दल बनाया गया है। 77 हजार 592 मतदान कर्मियों में से 61 हजार 664 मतदान कर्मी बूथों में नियुक्त रहेंगे और 15 हजार 928 मतदान कर्मियों को रिज़र्व रखा गया है। इनमे से 2890 संगवारी मतदान केंद्र, 58 दिव्यांगजनों द्वारा संचालित मतदान केंद्र, 235 युवाओं द्वारा संचालित मतदान केंद्र और 306 आदर्श मतदान केंद्र समेत 15 हजार 701 मतदान केंद्रों में ड्यूटी में लगे है।
छत्तीसगढ़ में तीसरे चरण के मतदान में भाजपा- कांग्रेस आमने सामने है। रायपुर से भाजपा से 8 बार विधायक रहे बृजमोहन अग्रवाल तो कांग्रेस से विकास उपाध्याय मैदान में उतरे है। बिलासपुर से कांग्रेस से देवेंद्र यादव तो बीजेपी से तोखन साहू को टिकट मिला है। कोरबा से बीजपी से सरोज पांडेय तो कांग्रेस से ज्योत्सना महंत में सीधा मुकाबला है। रायगढ़ से बीजेपी से राधेश्याम राठिया तो कांग्रेस से डॉ. मेनका देवी सिंह उम्मीद्वार है। जांजगीर-चांपा से बीजेपी से कमलेश जांगड़े तो कांग्रेस से शिव कुमार डहरिया मैदान में उतरे है। दुर्ग से बीजेपी से विजय बघेल तो कांग्रेस से राजेंद्र साहू है। वहीं सातवें सीट पर बीजेपी से चिंतामणि महाराज तो कांग्रेस से शशि सिंह आमने- सामने है।