
रायपुर. धान का कटोरा कहे जाने वाले छत्तीसगढ़ में लगभग एक माह तक चले सियासी संग्राम के बाद मतदाताओं के लिए मंगलवार को आखिरी आहुति देने का समय आ गया है। राज्य की डेढ़ करोड़ जनता आज मतदान करेगी, जिनमें 35 लाख किसान हैं और तकऱीबन 15 लाख युवा हैं। छत्तीसगढ़ के ग्रामीण इलाकों में खेती-किसानी और कर्जमाफी जहां चौंका देने वाले ढंग से चुनावी मुद्दा बने हैं वहीं शहरी इलाकों में महंगाई और भ्रष्टाचार पर जमकर बहस छिड़ी हुई है। रफाल और राममंदिर से शुरू हुई चुनावी सियासत पहले चरण के बाद अचानक पूरी तरह से बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, धान के समर्थन मूल्य, बोनस, भूमि अधिग्रहण कानून और किसानों की कर्जमाफी पर जा टिकी है।
खूब चले आरोप-प्रत्यारोप के दौर
छत्तीसगढ़ की सियासत में कांग्रेस, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ और आम आदमी पार्टी समेत सभी विपक्षी दलों ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को दूर करने का जिक्र किया है। साथ ही कर्जमाफी के मुद्दे को शामिल किया था लेकिन जब चुनाव प्रचार हुए तो किसी को थोड़ा भी अनुमान नहीं था कि समूची वोट पॉलिटिक्स इसी के इर्द गिर्द केन्द्रित हो जाएगी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने जहां चिटफंड घोटाले और पनामा केस का बार बार जिक्र किया वहीं पीडीएस स्कैम पर भी सरकार की जमकर खिंचाई की।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोगों का 36 हजार करोड़ रुपया लूटा गया। वहीं दूसरी तरह इस चौतरफा हमले का भाजपा ने भी जमकर जवाब दिया। अमित शाह ने कहा कि राहुल बाबा ऐसे व्यक्ति के नेतृत्व में चुनाव लडऩे जा रहे हैं, जो अपनी ही पार्टी के टिकटों को बेच रहा है और छत्तीसगढ़ की माताओं-बहनों का अपमान कर रहा है। कांग्रेस पार्टी के पास न नेता है, न नीति है और न ही कोई सिद्धांत है। इनके पास कुछ है तो सिर्फ करप्शन है। भाजपा ने यह भी कहा कि वो झूठे वादे नहीं करेगी। भाजपा नेताओं का कहना था कि प्रदेश सरकार ने हर साल साढ़े तीन लाख से ज्यादा किसानों का कर्ज माफ किया है।
भाजपा का दावा
भाजपा ने भ्रष्टाचार को लेकर चुनाव पूर्व ही बड़ा ऐलान किया है। उनके घोषणापत्र में कहा गया है कि भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टॉरलेन्स नीति हमारी कायम रहेगी। वहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्नाटक के किसानों को छलने के बाद कांग्रेस अब छत्तीसगढ़ के किसानों को छलने का काम कर रही हैं। केवल भाजपा की सरकार ही धान का समर्थन मूल्य 2600-2700 रुपए प्रति क्विंटल कर सकती है। कांग्रेस की घोषणा का किसानों पर कोई असर नहीं पड़ा है। मंडियों में धान लगातार आ रहा है। महिलाओं को व्यापार हेतु 2 लाख और स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख तक ब्याज लाख मुक्त ऋण दिए जाएंगे।
कांग्रेस की घोषणाएं
हर वर्ग की आधी बिजली माफ़ की जाएगी। किसानों के लिए हर ब्लॉक व जिला स्तर पर फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगाई जाएगी, जिससे किसानों के बच्चों को रोजगार मिलेगा। 10 लाख बेरोजगार युवाओं को मासिक अनुदान। शिक्षकों के लिए पहले वर्ष में शिक्षक छात्र अनुपात को संतुलित करने के लिए 50000 पद भरने का वादा किया गया है। महिला सुरक्षा कांग्रेस के जन घोषणा पत्र की प्राथमिक विशेषताओं में से एक है। इसमें विशेष महिला पुलिस स्टेशनों की स्थापना और महिलाओं को प्रत्येक पुलिस स्टेशन में वुमेन सेल देने का प्रस्ताव दिया गया है।
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ की शपथ
प्रदेश के स्थानीय लोगों को सरकारी नौकरियों में 100 प्रतिशत आरक्षण, शेष सभी नौकरियों में 90 प्रतिशत आरक्षण तथा नौकरी न दिए जाने तक समस्त मैट्रिक पास बेरोजगारों को 1001 रुपए, समस्त ग्रेजुएट पास बेरोजगारों को 1501 रुपए और समस्त पोस्ट ग्रेजुएट पास बेरोजगारों को 2001 रुपए प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता देने का आदेश पारित करेगी। हम शपथ लेते हैं।
छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि बेरोजगारी दूर करने के लिए कौशल उन्नयन योजना चलाई जा रही है। इस पर 160 करोड़ रुपए खर्च भी किए जा रहे हैं। विभागीय तथा पीएससी के जरिए हमने विभिन्न विभागों में हजारों भर्तियां की हैं।
प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस भूपेश बघेल ने कहा कि हमारे घोषणापत्र में युवाओं के लिए कार्यक्रम और रोजगार के अवसरों को रेखांकित किया गया है। हम वित्तीय सहायता के लिए राजीव मित्र योजना के तहत 10 लाख बेरोजगार युवाओं को मासिक अनुदान का प्रावधान करेंगे।
छत्तीसगढ़ पूर्व सीएम अजीत जोगी ने कहा कि स्थानीय नवयुवकों को रोजगार मुहैया कराना हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है। हमने अपने शपथ पत्र में इसका जिक्र किया है। शपथ तोड़ी नहीं जाती।