
रायसेन. इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग ने सभी कॉलेज प्राचार्यों को निर्देश भी जारी कर दिए हैं। इसके तहत प्रत्येक चिह्नित महाविद्यालय परिसर में परिवहन विभाग की टीम विशेष शिविर लगाकर ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज सत्यापन, बायोमेट्रिक एवं ऑनलाइन लर्निंग टेस्ट की प्रक्रिया पूरी कराएगी। शिविर के दौरान परिवहन विभाग एवं महाविद्यालय की एनएसएस, एनसीसी इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में यातायात नियमों, हेलमेट की अनिवार्यता एवं सड़क सुरक्षा पर अनिवार्य उन्मुखीकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। महाविद्यालय परिसर में शिविर आयोजित होने से छात्राओं को प्रक्रिया में सहूलियत मिलेगी। आज बड़ी संख्या में छात्राएं स्कूटी और दोपहिया वाहनों से कॉलेज पहुंचती हैं। ऐसे में वैध ड्राइविंग लाइसेंस और यातायात नियमों की जानकारी होना जरूरी है। मिशन के तहत छात्राओं को वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने और सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव द्वारा जारी निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि कलेक्टर जिले के महाविद्यालयों में दर्ज पात्र छात्राओं की संख्या के अनुपात में परिवहन अधिकारी, अग्रणी महाविद्यालय के प्राचार्य एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला एवं बाल विकास) की संयुक्त बैठक आयोजित कर महाविद्यालयवार शिविर कैलेंडर जारी करेंगे। शिविर के दिन पर्याप्त संख्या में तकनीकी स्टाफ, बायोमेट्रिक उपकरण एवं सारथी पोर्टल के लिए सुचारू सर्वर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी स्थानीय स्तर पर प्रचार-प्रसार एवं समन्वयकर्ता के रूप में सहयोग प्रदान करेंगे।
कॉलेज के प्राचार्य कैंप आयोजन से पूर्व व्यवस्थाएं बनाएंगे। एक वरिष्ठ प्राध्यापक को लाइसेंस कैंप नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। 18 वर्ष पूर्ण कर चुकी इच्छुक छात्राओं की सूची तैयार कर उनके आवश्यक दस्तावेजों की पूर्व जांच की जाएगी, ताकि शिविर के दिन अनावश्यक विलंब न हो।