12 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

रायसेन में मुनीम को बेरहमी से पीटा, बंधक बनाया, फिर लाखों की लूट को दिया अंजाम, दहशत में आए व्यापारी

Crime news: रायसेन कृषि उपज मंडी में बदमाशों ने गल्ला व्यापारी के फार्म पर घुसकर मुनीम को बेरहमी से पीटा और नकदी लूट ली। मुनीम की एक आंख क्षतिग्रस्त हो गई, पुलिस सीसीटीवी से जांच कर रही है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रायसेन

•

image

Astha Awasthi

•

Updated: 12 Nov 2026, 11:50 AM IST

घटनास्थल पर भीड़-भाड़ (Photo Source - Patrika)

घटनास्थल पर भीड़-भाड़ (Photo Source - Patrika)

Raisen: मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में कृषि उपज मंडी परिसर में बदमाशों ने बेखौफ होकर गल्ला व्यापारी के फार्म पर लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। देर रात फार्म में घुसे बदमाशों ने व्यापारी के मुनीम को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। ईंट से सिर और चेहरे पर इतने वार किए कि उनकी एक आंख बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद बदमाश लाखों रुपए की नकदी लेकर फरार हो गए। सुबह व्यापारी फार्म पर पहुंचे तो मुनीम खून से लथपथ हालत में मिले। गंभीर रूप से घायल मुनीम को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है। वारदात से मंडी के व्यापारियों में दहशत का माहौल है।

नकदी लूटकर भागे बदमाश

गल्ला व्यापारी मनोज राठौर ने बताया कि उनके यहां मुनीम पदम सिंह रोज की तरह मंडी स्थित दुकान पर सो रहे थे। सुबह करीब 8 बजे जब वे पहुंचे तो काफी देर तक आवाज देने के बावजूद गेट नहीं खुला। अंदर जाकर देखा तो पदम सिंह खून से लथपथ पड़े थे। उनका चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था और सिर पर भी गंभीर चोटें थीं। कमरे में जगह-जगह खून फैला था। इसके बाद तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रभारी एसपी दीपक नायक और एसडीओपी आकांक्षा तलया सहित अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बदमाश दीवार फांदकर परिसर में घुसे और कांच तोड़कर उस कमरे तक पहुंचे, जहां मुनीम नकदी के साथ सो रहे थे। बदमाशों ने उन्हें बंधक बनाकर मारपीट की और नकदी लूटकर भाग निकले।

सीसीटीवी फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। एएसपी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। वारदात की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी और हम्माल मौके पर पहुंच गए। फिलहाल लूटी गई नकदी की वास्तविक राशि का खुलासा नहीं हुआ है।

इस वारदात ने मंडी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों का कहना है कि मंडी जैसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में इस तरह की घटना होना चिंता का विषय है। मुनीम पर हमले की खबर मिलने के बाद व्यापारियों में आक्रोश और भय का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। लूटी गई रकम और वारदात में शामिल बदमाशों की संख्या का पता लगाने के लिए भी जांच जारी है।