
सांची आने वाले पर्यटक कुछ घंटे बिताकर लौट जाते हैं, आसपास के पर्यटन स्थलों तक पहुंचने के लिए कनेक्टिविटी और परिवहन की व्यवस्था नहीं। रायसेन. जिले में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन इन्हें धरातल पर उतारने के लिए ठोस प्रयासों की कमी साफ नजर आती है। विश्व प्रसिद्ध बौद्ध पर्यटन स्थल सांची में देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं, लेकिन यहां उनके ठहरने और आसपास के पर्यटन स्थलों तक पहुंचने की समुचित व्यवस्था नहीं होने से अधिकांश पर्यटक कुछ घंटे बिताकर ही वापस लौट जाते हैं। यदि विदेशी पर्यटकों के रात्रि विश्राम और जिले के अन्य पर्यटन स्थलों तक पहुंचने की सुविधाएं विकसित की जाएं तो रायसेन जिले में पर्यटन गतिविधियों को नई रफ्तार मिल सकती है। बल्कि उद्योग का दर्जा मिल सकता है।
सांची के आसपास ही कई ऐसे ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थल मौजूद हैं, जिन्हें पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। सतधारा के बौद्ध स्तूप, रायसेन का ऐतिहासिक किला, रामछज्जा और पेनगमा जैसे स्थल पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। इसके बावजूद इन स्थानों को सांची के पर्यटन से जोडऩे के लिए प्रभावी योजना नजर नहीं आती। पर्यटकों को इन स्थलों की जानकारी देने, नियमित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने और एक साथ भ्रमण की व्यवस्था बनाने की जरूरत है।
जिले के पर्यटन विकास की सबसे बड़ी संभावनाओं में सांची और भीमबेटका के साथ बरेली क्षेत्र में स्थित जामवंत की गुफा को जोडकऱ एक पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करना शामिल है। एक ओर बौद्ध विरासत के लिए विश्व प्रसिद्ध सांची है तो दूसरी ओर प्रागैतिहासिक शैलचित्रों के लिए अंतरराष्ट्रीय पहचान रखने वाला भीमबेटका, तीसरी दिशा में भगवान श्रीकृष्ण की ससुराल कहे जाने वाली जामवंत की गुफा है। इन स्थलों को जोडकऱ ऐसा पर्यटन मार्ग तैयार किया जा सकता है, जहां पर्यटक एक ही यात्रा में मध्यप्रदेश की प्राचीन सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को करीब से देख सकें। इसके लिए परिवहन, गाइड, ठहरने और प्रचार-प्रसार की एकीकृत व्यवस्था विकसित की जा सकती है।
पर्यटन को केवल धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण तक सीमित रखने के बजाय स्थानीय रोजगार और आर्थिक विकास के बड़े माध्यम के रूप में देखने की जरूरत है। पर्यटन को उद्योग का दर्जा मिलने से होटल, रिसॉर्ट, परिवहन, स्थानीय हस्तशिल्प, खानपान और गाइड जैसी गतिविधियों में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं। जिले में पर्यटन आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन देने, निजी निवेश आकर्षित करने और स्थानीय युवाओं को इससे जोडऩे की संभावनाएं मौजूद हैं।
जरूरत इस बात की है कि सांची को केवल एक दिवसीय भ्रमण स्थल के बजाय जिले के व्यापक पर्यटन प्रवेश द्वार के रूप में विकसित किया जाए। पर्यटकों का ठहराव बढ़ेगा तो इसका लाभ सांची से लेकर पूरे जिले में पहुंचेगा।
रायसेन जिले में सांची और भीमबेटका के अलावा कई विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल हैं, जिन्हे जोडकऱ जिले में पर्यटन को सांची की सीमा से बाहर भी विकसित किया जा सकता है। इसके लिए राजनीतिक और प्रशासनिक इच्छा शक्ति की जरूरत है। कमल याज्ञवल्क्य, पुरातत्व के जानकार।
सांची आने वाले विदेशी पर्यटकों को जिले के अन्य पर्यटन स्थलों की जानकारी के साथ वहां भ्रमण के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो जिले में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इसके लिए कार्ययोजना बनाकर काम करने की जरूरत है। राजीव चौबे, पुरातत्वविद।