
रायसेन. स्वस्थ्य रहने के लिए रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाना बहुत जरूरी है। रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाने के लिए पर्याप्त मात्रा में पोषण आहार लेना चाहिए। गर्भवती महिला, धात्री महिला, पर्याप्त मात्रा में पोषण आहार लें और बच्चों को भी पोषण युक्त आहार दें। ताकि वे स्वस्थ रहें और उनका समुचित शारीरिक-मानसिक विकास हो सके। यह बात कलेक्टर अरविंद कुमार दुबे ने ग्राम रतनपुर स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को संबोधित करते हुए कही।
कलेक्टर दुबे ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषण आहार वितरण के साथ ही गर्भवती और धात्री महिलाओं, उनके परिजनों को पोषण का महत्व भी बताया जाता है। साथ ही घर पर ही उपलब्ध खाद्य सामग्री से पोषणयुक्त आहार बनाने की जानकारी भी दी जाती है। सभी माताएं अपने पांच साल तक के बच्चों को आंगनबाड़ी जरुर भेजें। जब माता स्वस्थ्य रहेगी तो शिशु भी स्वास्थ्य रहेगा। आंगनबाडी में कलेक्टर दुबे की उपस्थिति में बच्चे का जन्मदिन भी मनाया गया।
कार्यक्रम में एम्स भोपाल की डॉ. गजाला ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान महिलाएं स्वयं की देखभाल करेंगी, पर्याप्त मात्रा में पोषण आहार लेंगी तो वह स्वयं तो स्वस्थ रहेंगी। साथ ही जन्म लेने वाला शिशु भी स्वस्थ रहेगा।
इस मौके पर डीपीओ दीपक संकत ने कहा कि प्रति वर्ष एक सितंबर से 30 सितंबर तक राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जाता है। इस वर्ष पोषण माह का आयोजन सशक्त, सबल नारी, साक्षर बच्चा, स्वस्थ्य भारत थीम पर किया जा रहा है। आंगनबाड़ी केंद्र पर पोषण व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम में सरपंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और महिलाएं उपस्थित रहीं।