रायसेन

नरसिंहपुर की प्रमिका ने राजस्थान से प्रेमी को बुलाया, रायसेन जिले में मिला शव

MP News: 900 किमी. दूर से फोन कर बॉयफ्रेंड को मिलने के लिए घर बुलाया, घर में पहले प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की और फिर शव को बोरी में भरकर 200 किमी दूर 40 फीट गहरी खाई में फेंका।
3 min read
May 10, 2026
raisen
woman killed lover with boyfriend

MP News: मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में बीते दिनों नागिन मोड़ सिरवारा ब्रिज के नीचे मिली सड़ी-गली लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनमें एक महिला भी है। महिला मृतक की प्रेमिका है जिसने अपने पहले प्रेमी व साथी के साथ मिलकर ही दूसरे प्रेमी की हत्या की थी। आरोपी हत्या करने के बाद शव को बोरी में पैक कर कार से 200 किमी दूर लेकर रायसेन जिले में पहुंचे और खाई में फेंक दिया था। जिस बोरी में शव मिला था उसी में एक बच्चे की नोटबुक मिली थी और इसी नोटबुक के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

7 मई को मिली थी सड़ी-गली लाश, नोटबुक से मिला सुराग

रायसेन एसपी आशुतोष गुप्ता ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 7 मई को बाड़ी थाना क्षेत्र में नागिन मोड़ सिरवारा ब्रिज के नीचे बोरी में सड़ी-गली लाश मिली थी। लाश सड़ चुकी थी और घटना स्थल से ऐसा कोई सामान भी नहीं मिला था जिससे कि मृतक की शिनाख्त की जा सके। घटनास्थल से पुलिस को एक बैग भी मिला था जिसमें मृतक के जूते, कंघी और एक बच्चे की नोटबुक रखी थी। नोटबुक में जिस टीचर के हस्ताक्षर थे तफ्तीश के दौरान उसके नरसिंहपुर जिले के सांईखेड़ा के होने का पता चला। जब टीचर तक पहुंचे तो नोटबुक वाले बच्चे के बारे में जानकारी मिली, लेकिन जब उसके घर पहुंचे तो पूरा परिवार 6-7 दिन से गायब था।

साजिश के तहत फोन कर मिलने के लिए बुलाया

पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और आरोपियों को उज्जैन जिले से पकड़ लिया। आरोपियों के नाम रीना किरार, अरुण पटेल और हरनाम किरार हैं। जबकि मृतक की पहचान वीरू उर्फ पप्पू जाट निवासी भीलवाड़ा राजस्थान के तौर पर हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी रीना किरार ने बताया कि उसका पति उसे छोड़ चुका है और उसके प्रेम संबंध अरुण पटेल से थे, लेकिन करीब तीन साल पहले राजस्थान के भीलवाड़ा के रहने वाले वीरू जाट से सोशल मीडिया के जरिए उसकी दोस्ती हुई और फिर दोनों के बीच प्रेम हो गया। वीरू उससे मिलने के लिए उसके घर भी आने लगा और जब इस बात का पता पहले प्रेमी अरुण को चला तो विवाद हुआ। क्योंकि अरुण ही उसका खर्च उठाता था इसलिए उसने अरुण के कहने पर रीना ने वीरू की हत्या की साजिश रची और 29 अप्रैल को रीना ने साजिश के तहत फोन कर उसे मिलने के लिए अपने घर बुलाया।

हत्या कर खाई में फेंकी लाश

जब वीरू जाट रीना के घर पहुंचा तो वहां अरुण और हरनाम दोनों पहले से मौजूद थे। दोनों ने बेसबॉल के बैट से अरुण के साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपियों ने घर में बिखरा खून साफ किया और शव को एक बोरी में पैक किया। इसके बाद आरोपी शव को XUV 700 की डिक्की में रखकर रायसेन जिले के बाड़ी थाना क्षेत्र में ले गए और खाई में फेंक दिया। पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी इसके बाद बाड़ी से इटारसी, कल्याण मुंबई उसके बाद इंदौर और उज्जैन में छिपते रहे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से वारदात में प्रयुक्त XUV 700 कार और बेसबॉल बैट बरामद किया है।

Updated on:
10 May 2026 09:12 pm
Published on:
10 May 2026 08:16 pm