पीडब्ल्यूडी मंत्री रामपाल सिंह राजपूत की पुत्रवधू प्रीति रघुवंशी का तेरहवीं का कार्यक्रम आज उदयपुरा में प्रीति के घर पर हुआ।
रायसेन/ उदयपुरा. पीडब्ल्यूडी मंत्री रामपाल सिंह राजपूत की पुत्रवधू प्रीति रघुवंशी का तेरहवीं का कार्यक्रम आज उदयपुरा में प्रीति के घर पर हुआ। रसोई में रघुवंशी समाज के कुछ पूर्व मंत्रियों सहित समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान प्रीति के भाई सौरभ ने एक बार मप्र सरकार की मंशा पर सवाल खड़े कर 13 दिन बाद अब तक मामला दर्ज नहीं होने पर चिंता जताई है। परिजनों का आरोप है कि मंत्री के दबाव के कारण इस मामले में पुलिस कोई कार्यवाही नहीं कर रही हैं। अब सिंधिया के दौरे के बाद परिवार को उम्मीद है की यह मामला देश की लोकसभा में उठेगा, जिसके बाद हो शायद प्रीति को न्याय मिल सके।
न्याय की करेंगे मांग
प्रीति कें परिजन सिंधिया को आवेदन देकर प्रीति को न्याय दिलाने की मांग करेंगे। प्रीति के भाई सौरभ ने बताया कि आज तक मंत्री की ओर से इस मामले में दबाव बनाया जा रहा है, लेकिन हम समझौता नहीं करेंगे, क्योंकि हमें प्रदेश सरकार पर बिल्कुल भरोसा नहीं है। यदि मुख्यमंत्री को कुछ करना होता, तो अब तक कर देते, लेकिन उन्होंने हमारी बहन को न्याय दिलाने के लिए कुछ नहीं किया। अब हम केंद्र सरकार, ग्रह मंत्रालय और राज्यपाल तक गुहार लगाएंगे। सिंधिया से प्रीति को न्याय दिलवाने जे लिए आवेदन देकर गुहार लगाएंगे।
सिंधिया पहुंचे
आज शाम को ही कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया भी उदयपुरा पहुंच कर प्रीति के परिवार के लोगों से मुलाकात कर तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। दअरसल प्रीति रघुवंशी आत्महत्या मामले में कानूनी कार्रवाई न होने की दशा में सिंधिया को परिजनों ने पत्र लिखकर पूरे मामले की जानकारी दी थी।
जिसके बाद सिंधिया के दौरे से अब पीडि़त परिवार को फिर न्याय की उम्मीद जाग गयी हैं। सिंधिया के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री कांग्रेस नेता सुरेश पचौरी भी मौजूद रहे।
हम कोर्ट जाएंगे
प्रीति की तेरहवीं में शामिल होने पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने कहा कि इस मामले में यदि मंत्री और उनके परिजनों पर एफआईआर नहीं होती है, तो कोर्ट जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह बड़ा दुखद है कि जिन परिस्थितियों में प्रीति ने आत्महत्या की उसे न्याय नहीं मिल रहा है। अब समय आ गया है कि रामपाल सिंह खुद अपने पद से इस्तीफा दें, ताकि इस मामले में निष्पक्ष जांच हो सके। क्षेत्र की जनता का मानना और कहना है कि रामपाल के मंत्री रहते इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते मंत्री के परिवार ने प्रीति को बहू स्वीकार कर लिया जाता है, तो यह आत्महत्या जैसी घटना नहीं होती।
न्याय मिलने तक लड़ेगा समाज
प्रीति की तेरहवीं में पहुंचे पूर्व मंत्री जसवंत सिंह रघुवंशी ने कहा कि इस मामले में रघुवंशी समाज न्याय मिलने तक लड़ेगा। कानून से लड़ेगा, अदालत में लड़ेगा और जनता की अदालत में लड़ेगा।
सरकार को हिला देगी घटना
उदयपुरा-बरेली के पूर्व विधायक भगवान सिंह राजपूत ने कहा कि प्रीति का अवसान प्रदेश सरकार को हिला देगा। बेटी की यह कुर्बानी बेकार नहीं जाएगी। इससे महिलाओं के संरक्षण की लड़ाई और तेज होगी। यह घटना ऐसे कुकृत्य करने वाले नेताओं और उनके बेटों के मुंह पर तमाचा है। प्रीति की हाय प्रदेश सरकार को नष्ट कर देगी।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में रघुवंशी समाज के अलावा कांग्रेस के कई नेता पहुंचे।
सिंधिया और पचोरी के जाने के बाद क्षेत्रीय सांसद राव उदय प्रताप सिंह उदयपुरा पहुंचे और प्रीति के घर पहुंच कर उसे श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया। कार्यक्रम में रघुवीर सिंह सूर्यवंशी, पूर्व मंत्री वीर सिंह रघुवंशी, पूर्व मंत्री, जसवंत सिंह रघुवंशी, पूर्व मंत्री उमाशंकर रघुवंशी, राष्ट्रीय महासचिव रघुवंशी समाज आदि शामिल हुए।
नहीं पहुंचे समाज के जिलाध्यक्ष
यह भी महत्वपूर्ण रहा कि इस मामले में शुरुआत से ही रघुवंशी समाज ने प्रीति के परिवार का पूरा साथ दिया, तेरहवीं तक समाज के लोग साथ रहे और आगे भी सहयोग का भरोसा दिलाते रहे, समाज के जिला अध्यक्ष तेरहवीं के दिन नजर नहीं आए। सूत्रों के अनुसार वे उदयपुरा के चन्दन पीपरिया तक सिंधिया के साथ थे। उल्लेखनीय है कि गुरुवार की रात अध्यक्ष बालमुकुंद रघुवंशी सिलवानी में मंत्री रामपाल से मिले थे।