रायसेन

सिर्फ VVIP पेड़ नहीं, 2300 साल पुराने भारत-श्रीलंका रिश्तों की जीवित निशानी है सांची का ‘बोधि वृक्ष’

Sanchi Bodhi Tree: विश्व धरोहर सांची में शनिवार को 74वें महाबोधि महोत्सव का शुभारंभ, जानिए सम्राट अशोक और उनकी बेटी संघमित्रा के समय से जुड़ी बोधि वृक्ष की कहानी...।
3 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 7:11 PM IST
Sanchi Bodhi Tree
Sanchi Bodhi Tree: रायसेन जिले के सांची में बौद्ध यूनिवर्सिटी परिसर में है पवित्र बोधि वृक्ष की शाखा। (फोटो एआई जनरेटेड)

Sanchi Bodhi Tree: रायसेन जिले में स्थित सांची बौद्ध स्तूपों की पहचान तो पूरी दुनिया में है, लेकिन यहां एक ऐसा वृक्ष है जिसकी जड़ें पारंपरिक रूप से मध्यप्रदेश से हजारों किलोमीटर दूर श्रीलंका तक फैली हैं। इसकी कहानी करीब 2300 साल पुरानी उस ऐतिहासिक परंपरा से जुड़ती है, जब सम्राट अशोक की बेटी संघमित्रा बोधि वृक्ष की एक शाखा भारत से लेकर श्रीलंका पहुंची थीं। सदियों बाद उसी परंपरा से जुड़ा एक पौधा श्रीलंका के तत्कालीन राष्ट्रपति सांची लेकर आए। आज यह पौधा विशाल वृक्ष बन चुका है और बौद्ध अनुयायियों के लिए आस्था का विशेष केंद्र है।

मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में सांची बौद्ध स्तूपों को पूरी दुनिया जानती है। यहां पर लगा एक ऐसा वृक्ष जिसके जड़ें करीब 2300 साल पुराने भारत-श्रीलंका के रिश्तों की कहानी कहती है। बोधि वृक्ष की यह परंपरा उस विरासत का हिस्सा है जो भारत से भगवान बुद्ध का संदेश श्रीलंका तक पहुंचा था। दरअसल, सांची में बोधि वृक्ष की जो शाखा लगी है, उसका संबंध सम्राट अशोक की बेटी संघमित्रा से जुड़ा है, जो बोधगया से श्रीलंका लेकर गई थी। उसी वृक्ष की शाखा को श्रीलंका के राष्ट्रपति रहते महेंद्र राजपक्षे ने सांची आकर पौधा रौपा था, जो अब 14 साल का हो गया है।

वीवीआईपी की तरह सुरक्षा

यह पेड़ बौद्ध अनुयायियों की आस्था का प्रतीक है, जिसकी सुरक्षा में सरकार लाखों रुपए खर्च करती है और 24 घंटे सुरक्षा में गार्ड्स तैनात रहते हैं। सरकार ने भी इसकी सुरक्षा और हेल्थ के लिए लाखों रुपए का प्रावधान कर रखा है। यूनिवर्सिटी परिसर में लगा यह पेड़ अपनी अलग ही पहचान बना चुका है। बड़ी संख्या में यहा पर्यटक दर्शन करने आने लगे हैं। इतनी सुरक्षा-व्यवस्था होने के कारण इसे लोग 'वीवीआईपी ट्री' कहते हैं।

2300 साल बाद सांची में स्थापित हुई विरासत

2300 साल बाद पुरानी परंपरा की एक वो शाखा 21 सितंबर 2012 को फिर भारत लाई गई, जिसे सांची में श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे श्रीलंका से लाए और सांची में लगाया था। आज वही पौधा विशाल पेड़ बनकर अपनी परंपरा को जीवित बनाए हुए है। उस समय मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान थे। राज्यपाल रामनरेश ठाकुर थे। यह वही मौका था जब सांची में बौद्ध यूनिवर्सिटी की आधारशिला रखी गई थी। सांची में राजपक्षे ने कहा था कि 2300 साल पहले सम्राट अशोक ने इसी क्षेत्र से अपने बेटे महेंद्र और बेटी संघमित्रा को श्रीलंका भेजा था। संघमित्रा बोधगया के पवित्र वृक्ष की शाखा लेकर श्रीलंका गई थी। आज भी वृक्ष की पूजा होती है।

क्या है इतिहास

बौद्ध परंपराओं के मुताबिक तीसरी शताब्दी ईसा पूर्व में सम्राट अशोक ने अपने बेटे महेंद्र और बेटी संघमित्रा को बौद्ध धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए श्रीलंका भेजा था। उस समय श्रीलंका में राजा देवानंपिय तिस्स का शासन था। महेंद्र ने वहां भगवान बुद्ध के उपदेशों का प्रचार किया, जबकि भिक्षुणी संघमित्रा ने बौद्ध धर्म में महिलाओं के लिए भिक्षुणी संघ की स्थापना में अहम भूमिका निभाई। अपनी यात्रा के दौरान संघमित्रा बोधगया के उस पीपल के पेड़ की एक शाखा भी अपने साथ लेकर श्रीलंका ले गई थी, जिसके नीचे राजकुमार सिद्धार्थ को ज्ञान प्राप्त हुआ था। इसकी शाखा को श्रीलंका के अनुराधापुर में मौजूद महा मेघवन पार्क में लगाया गया था। बाद में यह श्री महाबोधि वृक्ष के नाम से चर्चित हो गया। बौद्ध अनुयायी इसे बेहद पवित्र वृक्ष मानते हैं। इस प्रकार भारत से श्रीलंका जाने वाला बोधि वृक्ष दोनों देशों के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रिश्तों की निशानी बन गया।

सांची में महाबोधि महोत्सव

विश्व धरोहर सांची में शनिवार को 74वें महाबोधि महोत्सव का शुभारंभ हुआ। भगवान गौतम बुद्ध के परम शिष्य शारिपुत्र और महामोदगल्यायन के पवित्र अस्थि अवशेषों के दर्शन के लिए देश-विदेश के हजारों अनुयायी पहुंचे। चैत्यगिरि विहार में दोनों महान शिष्यों के अस्थि कलश श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ रखे गए। इस बार इन्हें थाईलैंड से लाई गई विशेष धातु से निर्मित क्रिस्टल संरचना में सुरक्षित रखा गया है। श्रीलंका, थाईलैंड, वियतनाम और जापान सहित कई देशों के बौद्ध अनुयायियों की मौजूदगी ने महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप दिया।