रायसेन

मां की आंखों के सामने बिछड़ गए पति और बेटा, रायसेन के हादसे ने रुला दिया

Raisen Bus Accident Raisen- रायसेन जिले के बेगमगंज क्षेत्र में हुए इस हादसे ने सभी का दिल दहला दिया...। एक बच्चे की मौत की ज्यादा हो रही है चर्चा...।
2 min read
Jul 04, 2026
shakti bus accident
shakti bus accident- रायसेन के बेगमगंज क्षेत्र में शनिवार को सुबह भीषण हादसा हो गया। (फोटो पत्रिका)

Shakti Bus Accident Raisen- रायसेन जिले के बेगमगंज क्षेत्र के बर्री के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। एक मां के सामने पति और बेटा बिछड़ गए। जिसने भी सुना वो भी रो दिया। सागर से भोपाल जा रही शक्ति बस ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। बाइक पर एक ही परिवार के चार सदस्य सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि पिता और उनके मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी और एक अन्य बच्चा घायल हो गए। महिला को मामूली चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि मृतक परिवार हैदरगढ़ के पास स्थित कालापाठा गांव का रहने वाला है। खबर लगते हैं पूरे गांव में मातम पसर गया।

मृतकों की पहचान पूरन आदिवासी और उनके 5 वर्षीय पुत्र डब्बू के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मासूम बच्चे का सिर धड़ से अलग हो गया। घायल संध्या (25 वर्ष) और एक अन्य बच्चा सुरक्षित हैं तथा उनका उपचार जारी है।

इस हादसे के बाद एक बार फिर शक्ति बसों की तेज रफ्तार और कथित लापरवाही सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक महीने में शक्ति बसों से जुड़े तीन बड़े हादसों में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है और 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। लोगों का आरोप है कि लगातार दुर्घटनाओं के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लापरवाही पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।

वहीं स्थानीय लोगों ने बेगमगंज से रायसेन निर्माणाधीन सड़क को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सड़क निर्माण कार्य की धीमी गति, जगह-जगह अधूरा निर्माण, उचित संकेतक और सुरक्षा व्यवस्थाओं का अभाव तथा निर्माण संबंधी अनियमितताओं के कारण इस मार्ग पर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायतों के बावजूद सड़क निर्माण में सुधार और सुरक्षा उपायों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।

अब क्षेत्र के लोग मांग कर रहे हैं कि इस हादसे की निष्पक्ष जांच कर बस चालक की जिम्मेदारी के साथ-साथ सड़क निर्माण कार्य में यदि किसी प्रकार की लापरवाही रही हो तो उसकी भी जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

एक नजर

0-दर्दनाक हादसे ने सभी को रुला दिया
0-निर्माणाधीन सड़क पर गंभीर सवाल
0-हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग
0-दोषियों पर कार्रवाई की मांग
0-जिले में बढ़ रही हैं दुर्घटनाएं

Updated on:
04 Jul 2026 01:43 pm
Published on:
04 Jul 2026 01:40 pm