मप्र स्थापना दिवस समारोह जिला मुख्यालय पर खेल स्टेडियम में रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच उत्साह के साथ मनाया गया।
रायसेन. मप्र स्थापना दिवस समारोह इस बार जिला मुख्यालय पर खेल स्टेडियम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समारोह में कलेक्टर एस प्रिया मिश्रा द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के बाद मध्यप्रदेश गान का गायन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर एस प्रिया मिश्रा द्वारा शासकीय सेवकों सहित सभी को प्रदेश के सर्वांगीण विकास में अपना श्रेष्ठ योगदान देने का संकल्प दिलाया गया।
समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर ब्राइट कैरियर पब्लिक स्कूल के 85 छात्र-छात्राओं के दल द्वारा कर हर मैदान फ तह गीत पर आकर्षक प्रस्तुति दी गई। शिशु सुमन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के 65 छात्र-छात्राओं के दल द्वारा राजस्थानी और हरयाणवी गीत पर दी गई प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। शा. कन्या हा.से. स्कूल की 125 छात्राओं एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाटनदेव के 80 छात्र-छात्राओं द्वारा बुंदेलखण्डी गीत पर मनमोहक प्रस्तुति दी गई।
इस अवसर पर एसपी जगत सिंह राजपूत, एसडीएम संजय उपाध्याय, डिप्टी कलेक्टर प्रियंका मिमरोट सहित अनेक अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य आनंद शर्मा एवं जिला क्रीड़ा अधिकारी राजेश यादव द्वारा किया गया।
प्रस्तुति पर पुरस्कार
इस आयोजन में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रायसेन को प्रथम पुरस्कार दिया गया। जबकि दूसरा पुरस्कार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाटनदेव एवं ब्राइट कैरियर पब्लिक स्कूल को तृतीय पुरस्कार दिया गया। शिशु सुमन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को सांत्वना पुरस्कार दिया।
रन फ ॉर यूनिटी के विजेताओं को पुरस्कार
समारोह में राष्ट्रीय एकता दिवस व राष्ट्रीय संकल्प दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को आयोजित की गई रन फ ॉॅर यूनिटी दौड़ के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। इसमें बालक वर्ग में प्रथम पुरस्कार शुभम लोधी, द्वितीय पुरस्कार रवि कुशवाह और तृतीय पुरस्कार लखन भील को दिया गया। इसी प्रकार बालिका वर्ग में प्रथम पुरस्कार शोभा भील को, द्वितीय पुरस्कार अक्षिता वामनगया को एवं तृतीय पुरस्कार जयती आग्रे को मिला।
धूमधाम के साथ मनाया स्थापना दिवस
सिलवानी. उत्कृष्ट विद्यालय में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में प्रश्न मंच का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के प्राचार्य आजाद राय द्वारा किया गया। कार्यक्रम प्रभारी दिनकर शांडिल्य, हेमन्त जाट, परषोत्तम जाटव, राजकुमार खरे, सियाराम डहेरिया, अजय चौरसिया, बीएम विश्वकर्मा, नीलोफर जहां, रजनी चौरसिया, बीरेश पाटकर, मनीष भार्गव, शहबाज खान, गजेंद्र रैकवार, मालती साहू, आरती नेमा, शुभम साहू उपस्थित रहे।