
Rajgarh BJP Leader Shravan Patidar: मध्यप्रदेश के राजगढ़ में दो-तीन दिन से सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे भाजपा उपाध्यक्ष द्वारा अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ता को गालियां देने के ऑडियो के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। तलेन थाना पुलिस ने आरोपी भाजपा जिला उपाध्यक्ष और इकलेरा सरपंच श्रवण पाटीदार के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्रवण पाटीदार के खिलाफ पुलिस ने गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है।
नल-जल योजना में नल बंद होने की शिकायत कलेक्टर तक पहुंचाने की बात पर यह विवाद, कहासुनी हुई थी। इकलेरा निवासी भाजपा कार्यकर्ता नीरज शर्मा की शिकायत पर तलेन पुलिस ने ग्राम पंचायत सरपंच और भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्रवण पाटीदार के खिलाफ फोन पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है। मामले से जुड़ी कथित बातचीत का ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वायरल ऑडियो में जिला उपाध्यक्ष श्रवण पाटीदार नीरज को ऐसी गालियां दे रहा है, जो सुनी नहीं जा सकती। इकलेरा पंचायत में निर्माण कार्यों को लेकर कथित अनियमितताओं की शिकायत पर पहले यू-ट्यूबर्स से विवाद और अब नल-जल योजना की शिकायत को लेकर सामने आए इस मामले ने पंचायत प्रतिनिधियों के व्यवहार और सार्वजनिक शिकायतों पर प्रतिक्रिया को लेकर फिर सवाल खड़े किए हैं।
शिकायत के मुताबिक, इकलेरा में नल-जल योजना के तहत नल बंद होने की समस्या को लेकर नीरज शर्मा ने कलेक्टर को आवेदन दिया था। इसी बात को लेकर 22 अक्टूबर को फोन पर विवाद होने का आरोप है। नीरज का कहना है कि श्रवण पाटीदार ने फोन पर उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और जान से मारने की धमकी दी। घटना की रिपोर्ट 24 अक्टूबर की रात तलेन थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस के अनुसार, श्रवण के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(4), 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।