
रिटायर्ड सचिव के घर 13 लाख की चोरी (फोटो सोर्स: Patrika)
Rajgarh News :मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के अंतर्गत आने वाले सारंगपुर इलाके के ग्राम पाटक्या में रिटायर्ड सचिव नौरंग प्रसाद शर्मा के घर से 13 लाख रुपए नकद चोरी होने के मामले में पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। खास बात ये है कि, अलमारी से नकदी गायब होने के बावजूद उसका ताला बंद मिला। घर में तोड़फोड़ या अन्य सामान चोरी होने के संकेत भी नहीं मिले हैं। ऐसे में पुलिस उन लोगों से भी पूछताछ कर रही है, जो घटना से पहले घर में काम करने पहुंचे थे।
नौरंग प्रसाद शर्मा ने प्लॉट खरीदने के लिए घर में 13 लाख रुपए रखे थे। उनकी पत्नी शिक्षिका हैं, जबकि बेटा आशीष शर्मा नलखेड़ा में पंडिताई करता है। परिवार को 21 अक्टूबर को अलमारी से नकदी गायब होने का पता चला। शर्मा के अनुसार, उन्होंने 30 सितंबर के बाद अलमारी नहीं देखी थी। इसके बाद 25 अक्टूबर की रात 12:06 बजे पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार इस अवधि में कोई घर में घुसा और अलमारी में रखे 13 लाख रुपए चोरी कर ले गया। पुलिस ने घर में घुसकर चोरी करने की धाराओं में एफआइआर दर्ज की है।
पुलिस और परिवार को संदेह है कि इस अवधि में घर पर पुताई करने आए तीन लोगों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। हालांकि, चोरी में उनकी संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है। अलमारी का ताला बंद मिलना और घर में तोड़फोड़ के निशान नहीं होना भी जांच का हिस्सा है। पुलिस इन परिस्थितियों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है।
घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम गांव पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। क्षेत्र में चर्चा है कि पुलिस ने कुछ लोगों को थाने में बैठाकर पूछताछ की है। हालांकि, उनकी गिरफ्तारी या चोरी में भूमिका को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। थाना प्रभारी गोविंद मीना ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घर में काम करने वाले कुछ लोगों और फरियादी पक्ष के परिजनों से बातचीत की जा रही है। पूरी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल चोरी गई राशि की बरामदगी और वारदात के खुलासे को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
Updated on:
25 Oct 2026, 4:55 PM IST
Published on:
25 Oct 2026, 4:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.