राजगढ़

नाराज महिलाओं ने नपा के खिलाफ फोरलेन पर किया चक्काजाम

राजगढ़ बाइपास चौराहा पर फोरलेन ओवरब्रिज के पास इंद्रा नगर, कीर्ति नगर की महिलाओं ने जताया विरोध...
2 min read
• •
Updated: 23 Aug 2018, 9:09 AM IST
Traffic
Women celebrated on Man Road.

ब्यावरा. सड़क, पानी और प्रधानमंत्री आवास के लिए इंद्रा नगर, कीर्ति नगर, राजगढ़ बाइपास की महिलाओं ने बुधवार को हंगामा कर दिया। फोरलेन के राजगढ़ बाइपास पर गुस्साई महिलाओं ने रहवासियों के साथ चक्काजाम कर दिया। इससे वाहनों के पहिए थमे रहे, महिलाएं नारेबाजी करती रहीं।

मूल सुविधाओं को तरस रही महिलाओं के समर्थन में कांग्रेस के पूर्व विधायक और जिपं सदस्य सहित अन्य कांग्रेसी भी उतरे। महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाए कि हमारे घरों के बाहर दो-दो फीट पानी भरा है, सुविधाओं के नाम पर शून्य है।

जब हम नपा जाते हैं तो वहां से भगा दिया जाता है, वहां के जिम्मेदार कह देते हैं कि आपका नाम नयापुरा पंचायत में आता है। जबकि हमारेआधार कार्ड, राशन कार्ड सहित परिवार आइडी नपा में है। पीएम आवास का लाभ भी पात्र हितग्राहियों को नहीं मिल पाया।

इंद्रा नगर, कीर्ति नगर, शिवधाम कॉलोनी सहित आस-पास की अन्य कॉलोनियों में नपा ने कोई सुविधाएं नहीं करवाई है। महिलाओं के साथ कांग्रेस के पूर्व विधायक पुरुषोत्तम दांगी, चंदरसिंह सौंधिया, ज्ञानू विजयवर्गीय, अभिषेक, कुलदीप सक्सेना सहित अन्य मौजूद रहे।

आवास के लिए पैसे मांगने का आरोप
हंगामा कर रहीं महिलाओं ने नगर पालिका पहुंचकर आवास के लिए रिश्वत लेने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि पार्षद हमसे 10 से 20 हजार रुपए मांगते हैं कि आप रुपए दोगे तभी आवास मिल पाएगा।

नपा वाले भी हमारी कोई सुनवाई नहीं करते। आवास ऐसे लोगों को मिल गया जिनके पहले से पक्के घर हैं। जिनके पास रहने को घर नहीं और झोपडिय़ों में पानी भरा है उनके नाम तक योजना में नहीं है।

तहसीलदार की समझाइश पर मानेे
विरोध-प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं के साथ आए रहवासियों ने फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया। इससे रोड के दोनों ओर वाहन की कतार लग गई। करीब एक घंटे तक वाहनों के पहिए थमे रहे, मौके पर पहुंची देहात पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया।

हल्की-फुल्की बारिश के बीच ही महिलाएं और रहवासी रोड पर बैठ गएऔर जमकर नारेबाजी करने लगे। इसके करीब आधे घंटे बाद पहुंची तहसीलादर अल्कासिंह ने उन्हें आश्वासन दिया, तब जाकर वे माने।

मेेरे घर में पानी घुस गया है, निकलने की जगह नहीं है। नपा वाले बोलते हैं आपका नाम नयापुरा में है जबकि राशन कार्ड नपा का है। नेता सिर्फ वोट लेने हमारे पास आ जाते हैं वोट नपा में डलवाते हैं और सुविधाओं के नाम पर नयापुरा भेज रहे हैं।
- अयोध्याबाई, रहवासी, इंद्रा नगर क्षेत्र

हम रोज का काम करके जीवन यापन कर रहे हैं। रहने के लिए घर ही नहीं है। घर जाने के लिए घुटने-घुटने पानी का सहारा लेना पड़ता है। जिनके पक्के नाम उनके नाम आ गए और हमें जरूरत है तो हमें कुछ नहीं दिया जा रहा।
- द्रोपतीबाई, रहवासी, राजगढ़ चौराहा क्षेत्र

नगर पालिका में किसी की सुनवाई नहीं हो रही है। नीचे से ऊपर तक कोई सुनने वाला नहीं है। महिलाओं के साथ सरेआम छलावा हुआ है, मूल सुविधाएं उन्हें नहीं मिल पा रही हैं।
- चंदरसिंह सौंधिया, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि, राजगढ़

भाजपामय परिषद महिलाओं सहित आम जनता को गुमराह कर रही है। लोगों की परेशानी समझने वाला कोई नहीं है। पीएम, सीएम हर सुविधा का दावा करते हैं और महिलाओं को अपने हक के लिए रोड पर आना पड़ा, इससे बड़ी शर्म की बात क्या हो सकती है।
- पुरुषोत्तम दांगी, पूर्व विधायक कांग्रेस, ब्यावरा

Published on: