मई आखिर तक पूरा होगा बाइपास का काम, दो फ्लाईओव्हर के साथ अंडरब्रिज का काम भी पूरा होगा
ब्यावरा। अपने अंतिम चरण में चल रहे देवास-शिवपुरी फोरलेन के लिए गुना-ब्यावरा प्रोजेक्ट में आने वाला ब्यावरा बाइपास का काम लगभग पूरा होने की कगार पर है। अब जल्द ही निर्माणाधीन फ्लाईओव्हर और अंडरब्रिज चालू हो जाएंगे। बतौर ट्रॉयल निर्माण एजेंसी ने इंदौर से आना वाला ट्रैफिक फ्लाईओव्हर के नीचे चालू कर दिया है। इससे सर्विस रोड पर पड़ रहा डबल लोड भी काफी कम हो जाएगा।
दरअसल, निर्माणाधीन बाइपास के कारण बार-बार ट्रैफिक जाम की परेशानी बन रही है। मार्च में ही पूरा होने वाला बाइपास आधे मई में भी पूरा नहीं हो पाया है। बीच में मजदूर नहीं मिल पाने से काम की रफ्तार धीमी हो गई थी। अब पूरे बाइपास को मई के आखिर तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
जिसमें से राजगढ़ चौराहे के फ्लआईओव्हर का 85 फीसदी काम पूरा हो चुका है, भोपाल बाइपास के ओव्हरब्रिज में अभी 20 फीसदी काम बाकी है। वहीं, रेल्वे स्टेशन तिराहे का अंडरब्रिज भी लगभग पूरा होने की कगार पर है। फिलहाल सर्विस रोड बन चुके हैं, फ्लाईओव्हर और अंडरब्रिज के उपर का काम किया जा रहा है। इसके अलाला वाले पूरे बाइपास हाईटैक बिजली लैम्प भी लगाए जा रहे हैं।
इंदौर जाने के ही काम आएगा भोपाल बाइपास फ्लाईओव्हर
अत्याधुनिक तकनीकि से बने फोरलेन में भोपाल बाइपास पर ट्रैफिक गुत्थमगुत्था रहने के आसार हैं। यहां बनाया गया ओव्हरब्रिज सिंगल-वे ही रहेगा। यानी इससे होकर ट्रैफिक इंदौर की ओर महज जा सकेगा, आने के लिए नीचे वाले सर्विस रोड से होकर ही इंदौर से आने वाले वाहनों को आना होगा। वहीं, भोपाल से आने वाले और जाने वाले यात्रियों को भी ओव्हरब्रिज के नीचे से होकर जाना होगा।
बता दें कि भोपाल रोड के लगातार टलते रहने के कारण यह फ्लाईओव्हर सिंगल-वे ही बनकर रह गया। यदि समय रहते प्रोजेक्ट स्वीकृत हो जाता तो मौजूद फोरलेन का थ्री-वे फ्लाईओव्हर एक साथ बन जाता, जिसमें भोपाल, इंदौर जाने और आने के लिए यह काम आ पाता। अभी सभी वाहन चालकों को महज इंदौर जाने के लिए फ्लाईओव्हर की सुविधा मिलेगी।
यूं समझें बाइपास का पूरा प्रोजेक्ट
-गुना नाका से सिटी में जाने के लिए सर्विस रोड।
-रेल्वे चौराहे पर अंडरब्रिज।
-राजगढ़ चौराहे पर अंडरब्रिज, जिसमें गुना-इंदौर-भोपाल का ट्रैफिक।
-राजगढ़ चौराहे पर राजगढ़ की ओर जाने वाले वाहनों के लिए सर्विस रोड।
-अस्पताल तिराहे और रेस्ट हॉउस के लिए नहीं बनाई क्रॉसिंग।
-भोपाल चौराहे पर महज इंदौर के लिए फ्लाईओव्हर।
-ब्यावरा से भोपाल जाने के लिए सर्विस रोड ही ऑप्शन।
(एनएचएआई की निर्माण एजेंसी से प्राप्त जानकारी के अनुसार)
ट्रैफिक लोड कम किया है
भोपाल बाइपास का ट्रैफिक लोड कम किया गया है। इसमें इंदौर से आने वाला ट्रैफिक चालू कर दिया गया है। जिससे सर्विस रोड पर पडऩे वाला ट्रैफिक दबाव कम हुआ है। मई के आखिर तक बाइपास के तीनों फ्लाईओव्हर, अंडरब्रिज (भोपाल बाइपास, राजगढ़ चौराहा और रेल्वे स्टेशन तिराह) चालू कर दिए जाएंगे।
-कमल चौहान, प्रोजेक्ट मैनेजर, दीलिप बिल्डकॉन प्रालि, गुना-ब्यावरा प्रोजेक्ट