Election Result 2024: मध्य प्रदेश की राजगढ़ लोक सभा सीट पर चुनावी प्रचार के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ने उम्र का तकाजा करते हुए कहा था 'ये मेरा आखिरी चुनाव', जानें राजगढ़ लोक सभा सीट पर क्यों करना पड़ा हार का सामना
Election Result 2024: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मजबूत गढ़ राजगढ़ में लगातार तीसरी बार भाजपा उम्मीदवार की जीत चौंकाने वाली नहीं है। कांग्रेस ने सीट छीनने के लिए बड़ा दांव खेला था, लेकिन कांग्रेस के उम्मीदवार दिग्विजय सिंह चुनाव मैदान में पहले ही दिन से सफाई देते और माफी मांगते नजर आए।
अपनी उम्र का हवाला देते हुए यह भी कहते रहे कि यह मेरा आखिरी चुनाव है। यह अपील बुजुर्ग मतदाताओं पर तो काम करती दिखी, लेकिन युवा मतदाताओं की सहानुभूति नहीं जुटा पाई। युवा आगे का विजन देखना चाहता है।
जबकि कांग्रेस के लिए इस बार परिस्थितियां अनुकूल थीं। प्रियवृत सिंह, जयवर्धन सिंह, रामचंद्र दांगी जैसे अपेक्षाकृत युवा चेहरों को दरकिनार कर दिग्विजय सिंह को टिकट दिया गया।
भाजपा प्रत्याशी रोडमल नागर को तीसरी बार मैदान में उतारने से पार्टी के जिले के पांचों विधायक सहित तमाम कार्यकर्ता चौंक गए थे। जिनकी शिकायतें लगातार की जा रही थी, उन्हें भी टिकट मिल जाए तो उनका चौंकना स्वाभाविक था। फिर भी संघ से गहरे जुड़े रोडमल नागर के लिए आखिर में सब एक हो गए। क्षेत्र के मोदी और भाजपा के नाम पर वोट पड़े। पिछले चुनाव के मुकाबले कम वोटों से ही सहीं, जीती तो भाजपा ही।