
राजगढ़. राज्यपाल मंगू भाई छगन मध्यप्रदेश के दौरे पर इसी माह आ रहे हैं। वे एमपी के 28 जिलों का दौरा करेंगे, इसी दौरान वे राजगढ़ जिले में बच्चों से मुलाकात कर विभिन्न पर्यटन और औद्योगिक क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे। जिसकी तैयारियां जिले में जोरशोर से चल रही है।
जानकारी के अनुसार राज्यपाल 28 सितंबर को राजगढ़ जिले के दौरे पर आ रहे हैं, उनका दौरा फिक्स होते ही प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। क्योंकि वे नरसिंहगढ़ ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले पीलूखेड़ी के समीप स्थित गीलाखेड़ी गांव आएंगे, वे यहां लोगों के साथ चर्चा करेंगे। मंच पर संबोधित करेंगे, फिर वहीं किसी गरीब के घर भोजन भी करेंगे, इसके बाद वे पीलूखेड़ी के एक स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र भी पहुंचेंगे, जहां वे बच्चों को मिलने वाली शिक्षा, सुविधा आदि की जानकारी प्राप त करेंगे।
चिड़ी खो अभ्यारण और सांका श्यामजी मंदिर भी जाएंगे
राज्यपाल नरसिंहगढ़ के चिड़ी खो अभ्यारण पहुंचकर अभ्यारण की खुबसूरती को देखने के साथ ही उससे जुड़ी महत्वपूर्ण बाते जानेंगे, फिर वे सांका श्यामजी मंदिर भी जाएंगे, यह मंदिर 10 वीं शताब्दी में बना था, इसकी खूबसूरती और इतिहास देशभर में प्रसिद्ध है। राज्यपाल को मंदिर का इतिहास बताने के लिए प्रशासन ने एक गाइड की भी व्यवस्था की है।
पहले सूचना थी कि महामहिम 22 सितंबर को आ रहे हैं, लेकिन अब 28 सितंबर को आने की सूचना है। जिसकी तैयारियां चल रही है। उनके कार्यक्रम में गीलाखेड़ी, पीलूखेड़ी और सांका श्यामजी मंदिर का भ्रमण शामिल है।
-कमल नागर, एसडीएम, राजगढ़