राजगढ़

राजगढ़ जिले में पांच साल में कम हो गए 93 हजार गोवंश, 4.74 लाख के साथ बफेलो की बादशाहत कायम

जिले में पशुधन की दुनिया का पूरा गणित बदलता नजर आ रहा है। कभी गांवों की पहचान और खेती-किसानी की मजबूत आधारशिला रहा गोवंश अब संख्या के मामले में भैंसों से काफी पीछे दिखाई दे रहा है। साथ ही पिछले पांच साल में करीब 93 हजार के अधिक गोवंश कम हुआ है।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 5:50 PM IST
ब्यावरा

21वीं पशुधन गणना-2024-25 के अनुसार 2019 और 2024 की के आंकड़े जिले में पशुपालन के बदलते स्वरूप की कहानी बयां कर रहे हैं। भैंसों की संख्या जहां 4.74 लाख के पार है, वहीं देशी गोवंश का आंकड़ा 1.78 लाख पर सिमट गया है। दूसरी ओर बकरी-बकरों की संख्या भी बढ़कर 1.83 लाख पहुंच गई है। इन पांच सालों में सबसे अधिक अंतर गोवंश की संख्या में ही दर्ज हुआ है। हालांकि भैंसों की संख्या में मामूली अंतर है। हालांकि जिले में हो रही दुर्दशा और लगातार सड़क हादसों में जान गंवाने से भी गोवंश की संख्या घटी है। पांच सालों में पशुधन की बदलती संख्या जिले की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पशुपालन की दिशा में हो रहे बदलावों की ओर इशारा करती है। भैंसों की संख्या डेयरी आधारित पशुपालन की अहमियत बताती है, वहीं देशी गोवंश की संख्या में आई कमी और निराश्रित गोवंश की बड़ी तादाद संरक्षण व्यवस्था को लेकर चिंता का विषय है।

64 हजार से ज्यादा निराश्रित गोवंश, मादा की संख्या दोगुनी-

नई गणना का सबसे चिंताजनक पहलू निराश्रित गोवंश की संख्या है। जिले में 21,204 निराश्रित नर और 43,550 निराश्रित मादा गोवंश दर्ज किए गए हैं। दोनों को मिलाकर कुल 64,754 होती है। यानी निराश्रित गोवंश में मादाओं की संख्या नर के मुकाबले दोगुने से भी अधिक है। यह आंकड़ा पशु आश्रय, चारे, देखभाल और संरक्षण व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

यही कारण है कि 2019 की 20वीं पशुधन गणना में राजगढ़ जिले में कुल 2.71 लाख गोवंश दर्ज थे, इनमें 2.54 लाख देशी और 17,630 संकर गोवंश शामिल थे। लेकिन 2024 की 21वीं पशुधन गणना में इनकी संख्या घटकर गोवंश की 1.78 लाख रह गई है।

पशुपालकों का फोकस दुग्ध उत्पादन पर, यहीं कारण भैंसों का दबदबा, गोवंश से तीन गुना-

जिले में भैंसों की संख्या 2019 में 4.83 थीं, जबकि 2024 में इनकी संख्या 4.74 रही। हालांकि पांच साल में भैंसों की संख्या में 8 हजार की मामूली कमी जरूर आई, लेकिन इसके बावजूद इनकी तादाद गोवंश से करीब 2.66 गुना है। इसका कारण साफ है कि अब जिले के पशुपालकों फोकस दुग्ध उत्पादन पर है।

भेड़ पालन में भी बढ़ रही रुचि, आवारा कुत्तों की संख्या भी 29 हजार पार

21वीं गणना में बकरियों की संख्या 1.83 लाख पहुंच गई है। वहीं अब जिले के पशुपालक भेड़ पालन में भी रुचि दिखा रहे है। भेड़ों की संख्या 1,189 से बढ़कर 5,072 पहुंच गई। वहीं सूअरों की संख्या 2,494 से बढ़कर 4,275 दर्ज की गई। इसके अलावा पशुधन गणना में निराश्रित कुत्तों का आंकड़ा भी कम चौंकाने वाला है। जिले में निराश्रित नर 13,316 और 16,415 मादा कुत्ते दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा 1,251 पालतू कुत्ते है।

एक नजर में इन आंकड़ों से समझिए पांच सालों में बदली जिले के पशुधन की तस्वीर-

पशु- 2019 2024-25(21वीं लाइव स्टोक सेंसस)

कुल गोवंश- 2,71,753 1,78549 (देशी)

भैंस - 4,83,042 4,74207

भेड़- 1,189 5072

बकरी- 1,71,777 1,83154

सूअर- 2,494 4275

घोड़े/टट्टू- 363 244

गधे- 245 103

ऊंट- 0 0

पालतू कुत्ता - - 1251

निराश्रित कुत्ता- - 29731

निराश्रित गोवंश - - 64754

कुल पशुधन- 9,30,863 9,41,340

(स्रोत- पशु चिकित्सा विभाग से प्राप्त। 21वीं पशु गणना 2024-25 में हुई, जिसमें पालतू पशुओं की परिवार की समग्र आईडी और बेसहारा की टैग लगाकर गणना की गई।)

Updated on:
27 Nov 2026, 5:50 PM IST
Published on: