
सुठालिया. नगर के सदर बाजार स्थित शासकीय बालिका हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में 543.43 लाख रुपए की लागत से बन रही 14 अतिरिक्त कक्षाओं की नई बिल्डिंग निर्माण शुरू होते ही विवादों में घिर गई है। निर्माण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी और मानकों के उल्लंघन के गंभीर आरोप लग रहे हैं। लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। ऐसे में ठेकेदार मनमाना काम करा रहा है।
पर्यटन विकास निगम के अंतर्गत बन रही उक्त बिल्डिंग में 14 कक्षाओं के साथ टॉयलेट, बाउंड्रीवॉल और अन्य निर्माण कार्य कराए जाने हैं। कार्य का भूमिपूजन राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार ने 24 अगस्त को किया था। जिसका जिम्मा निर्माण एजेंसी ओम कंस्ट्रक्शन, भोपाल के पास है। कार्य की देखरेख इंजीनियर शुभम सनोडिया कर रहे है। लेकिन निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे है। छात्राओं और स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानक एम-20 कंक्रीट मिश्रण के नाम पर बालू रेत की जगह क्रशर डस्ट और चूरी का उपयोग किया जा रहा है। इसके अलावा कार्यस्थल पर न तो गुणवत्ता का ध्यान रखा जा रहा है और न ही निर्माण की ठीक से तराई की जा रही है, जिससे पिलर और दीवारें सूखी पड़ी हैं। इस मामले में जब स्कूल प्रबंधन से संपर्क किया गया, तो उन्होंने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि उन्हें निर्माण कार्य की कोई जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है और न ही विभाग से देखरेख संबंधी कोई पत्र प्राप्त हुआ है। वहीं, निर्माण कार्य में उपयोग हो रहे मटेरियल की जानकारी लेने के लिए जब इंजीनियर शुभम सनोडिया से बात की गई, तो उन्होंने कुछ भी बताने से इनकार करते हुए कहा कि वे किसी को जानकारी नहीं देते हैं। ऐसे में उक्त कार्य मनमाने तरीके से जारी है।
लोगों का कहना है कि बिल्डिंग में जंग लगे सरियों का उपयोग हो रहा है। जिससे भवन की मजबूती पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। साथ ही तराई भी समय पर और सही से नहीं हो रही है। सबसे बड़ी तकनीकी खामी यह बताई जा रही है कि फुटिंग होने के बाद कॉलम करीब दो-दो फीट खिसका दिए गए हैं। छात्राओं के अनुसार निर्माण स्थल पर गिरने वाली पेड़-पौधों की पत्तियों और डालियों को साफ किए बिना ही मसाले में मिलाया जा रहा है। ऐसे में गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे है।
स्थानीय लोगों में इस लापरवाही को लेकर आक्रोश है। नगरवासियों का कहना है कि बेटियों के भविष्य और सुरक्षा से जुड़े इस भवन के निर्माण में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि समय रहते गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ, तो बिल्डिंग बनने से पहले ही कमजोर हो जाएगी। लोगों ने मांग की है कि संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण करें, सामग्री की लैब जांच कराई जाए और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।