
कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते ग्रामीण (फोटो सोर्स: Patrika)
Rajgarh News :मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के अंतर्गत आने वाले कालीपीठ थाने में रिश्वत मांगने के आरोप में लोकायुक्त पुलिस द्वारा की गई एफआइआर के बाद पुलिस महकमे में कार्रवाई शुरू हो गई है। एसपी अमित सुरेश तोलानी ने कालीपीठ थाने के एसआइ विष्णु मीना को लाइन अटैच कर मामले की जांच बैठा दी है। वहीं होमगार्ड सैनिक रईस खान को वापस होमगार्ड विभाग भेज दिया गया है। उसे दोबारा फील्ड में तैनाती नहीं देने और नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही गई है।
ये कार्रवाई ग्रामीणों के कलेक्ट्रेट पहुंचने से एक दिन पहले ही कर दी गई थी। इसके बावजूद मंगलवार को ग्रामीण पूरे थाना स्टाफ को निलंबित करने और जिले से बाहर के अधिकारी से जांच कराने की मांग लेकर छुट्टी के दिन ही कलेक्ट्रेट पहुंच गए। ग्रामीण घंटों कलेक्ट्रेट के गेट पर बैठे रहे और कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
ग्राम पटाड़ीकला में रहने वाले भारत सिंह ने मुख्यमंत्री मोहन यादव और पुलिस महानिदेशक के नाम दिए आवेदन में बताया कि, 26 अगस्त 2026 को उसके घर से दो भैंस चोरी हो गई थीं। इसकी शिकायत उसने कालीपीठ थाने में दर्ज कराई थी। आरोप है कि, भैंसों की बरामदगी और आरोपियों को पकड़ने के नाम पर पुलिसकर्मियों ने पहले 7 लाख रुपए मांगे और बाद में 2 लाख रुपए में सौदा तय हुआ। फरियादी ने पहले जिला पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी, लेकिन उसके मुताबिक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने भोपाल पहुंचकर लोकायुक्त में इसकी शिकायत की।
लोकायुक्त ने शिकायत पर रिश्वत लेते पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई थी। इस दौरान पुलिस टीम जब फरियादी के गांव पहुंची तो परिजन ने बताया कि, वो शिकायत करने भोपाल गया है। लोकायुक्त की ओर से स्पष्ट किया गया कि, संबंधित पुलिसकर्मियों को इसकी भनक लग गई थी। साथी ही, उन्हें कार्रवाई का संदेह हो गया था। इसके चलते वे रिश्वत की राशि लेने निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचे और ट्रैप सफल नहीं हो सका। इसके बाद लोकायुक्त ने एसआई समेत तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की। इसी कार्रवाई के बाद एसपी ने एसआई विष्णु मीना को लाइन अटैच कर जांच के निर्देश दिए। होमगार्ड सैनिक रईस खान को भी फील्ड ड्यूटी से हटाकर होमगार्ड विभाग वापस भेजा गया है।
लोकायुक्त की कार्रवाई और एसपी के स्तर पर हुई शुरुआती कार्रवाई के बावजूद फरियादी और ग्रामीण संतुष्ट नहीं हुए। मंगलवार को वे छुट्टी के दिन कलेक्ट्रेट पहुंच गए और मुख्य गेट पर बैठकर विरोध जताने लगे। उनकी मांग थी कि, सिर्फ नामजद पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि थाना प्रभारी, एसआई, हवलदार, सैनिक समेत पूरे थाना स्टाफ की भूमिका की जांच कर सभी को जांच पूरी होने तक निलंबित किया जाए। ग्रामीण कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग पर भी अड़े रहे।
इस दौरान कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर तैनात रही। करीब चार बजे तक ग्रामीण कलेक्ट्रेट गेट पर बैठे रहे। इस बीच समाज के वरिष्ठ नागरिक महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र लेकर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा की और एसपी से भी बात की। इसके बाद उन्हें बताया गया कि, मामले में जांच बैठाई गई है और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। तहसीलदार विनीत गोयल और कोतवाली थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह धाकड़ भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की।
भारत सिंह ने आवेदन में 7 मांगें रखी हैं। इनमें थाना प्रभारी, एसआई, हवलदार और सैनिक समेत पूरे थाना स्टाफ को जांच पूरी होने तक निलंबित करना, मामले की जांच राजगढ़ जिले से बाहर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और स्वतंत्र जांच एजेंसी से कराना और पूर्व में एसपी को दिए गए शिकायत आवेदन पर कार्रवाई न होने की जांच करना शामिल है।
इसके अलावा लोकायुक्त ट्रैप की गोपनीय जानकारी संबंधित पुलिसकर्मियों तक पहुंचने, मोबाइल निगरानी और कॉल रिकॉर्ड समेत तकनीकी पहलुओं की जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। चोरी गई दोनों भैंसों की बरामदगी और शिकायतकर्ता और उसके परिवार को पुलिस प्रताड़ना या दबाव से सुरक्षा देने की मांग भी आवेदन में शामिल है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
24 Nov 2026, 6:41 PM IST
Published on:
24 Nov 2026, 6:41 PM IST
बड़ी खबरें
View Allराजगढ़
मध्य प्रदेश न्यूज़




