24 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Madhya Pradesh / Panna / बागेश्वर धाम और मैहर के लिए बुक की कार, फिल्मी अंदाज में लूटकर भागे यूपी के बदमाश, पुलिस ने 4 घंटे पीछा कर पकड़ा

बागेश्वर धाम और मैहर के लिए बुक की कार, फिल्मी अंदाज में लूटकर भागे यूपी के बदमाश, पुलिस ने 4 घंटे पीछा कर पकड़ा

Car Robbery : मड़ला घाटी में कट्टा अड़ाकर कार लूटने वाला अंतरराज्यीय गिरोह को पन्ना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर दबोच लिया है। वारदात के चार घंटे के भीतर एक नाबालिग समेत दो आरोपी पकड़ाए। लूटी गई कार बरामद, सात अपराधों में दर्ज मुख्य आरोपी समेत दो अब भी फरार हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

पन्ना

•

image

Mohammad Faiz Mubarak

•

Updated: 24 Nov 2026, 4:42 PM IST

Car Robbery

मामले की जानकारी देती पुलिस (फोटो सोर्स: Patrika)

Panna News :मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की मड़ला घाटी में कट्टा अड़ाकर किराये की स्विफ्ट डिजायर कार लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। वारदात के महज 4 घंटे के भीतर ही पुलिस ने पीछा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक विधिविरुद्ध बालक शामिल है। लूटी गई कार और एक हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं, जबकि गिरोह के दो सदस्य फरार हैं।

बीते दिन झांसी रेलवे स्टेशन पर 4 आरोपी यात्री बनकर कार चालक पवन कुमार शिवहरे की स्विफ्ट डिजायर कार किराये पर लेकर बागेश्वर धाम और मैहर घूमने निकले। यात्रा के बाद झांसी लौटते समय रात के समय मड़ला घाटी स्थित खिल चौकी पुलिया के पास आरोपियों ने चालक को कट्टा अड़ा दिया। दूसरे आरोपी ने पेट में 2-3 घूंसे मारकर कार रोकने को कहा। इसके बाद चारों आरोपी 2500 रुपए नकद, मोबाइल और कार लूटकर पन्ना की तरफ भाग निकले।

ये आरोपी पकड़ाए

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी अनूप सिंह निवासी बांदा, उत्तर प्रदेश को पकड़ा है। उसके साथ एक विधिविरुद्ध बालक को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। फरार आरोपियों में हिमांशु उर्फ शुभम सिंह ठाकुर निवासी आरटीओ ऑफिस के सामने, बांदा, उत्तर प्रदेश और राघव गौतम उर्फ आर्य गौतम पिता बलराम सिंह निवासी ग्राम तेन्दुरा, थाना विसंडा, जिला बांदा, उत्तर प्रदेश शामिल है। मुख्य आरोपी आर्य गौतम उर्फ राघव गौतम के विरुद्ध बांदा और विसंडा थानों में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम समेत सात आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है।

नाकाबंदी तोड़ भागे, खेत की तारबाड़ी से टकराई कार

पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ के निर्देश पर जिलेभर में नाकाबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की गई। शाहनगर पुलिस अस्पताल चौराहे पर बैरिकेडिंग लगाकर जांच कर रही थी, तभी लूटी गई कार बैरिकेडिंग को टक्कर मारकर कटनी की ओर भागने लगी। पुलिस ने पीछा कर कचौरी मोड़ के पास घेराबंदी की। रामराजा प्लांट के आगे कार अनियंत्रित होकर खेत की तारबाड़ी के पत्थर के खंभे से टकरा गई। पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि दो फरार हो गए।

इस पुलिस टीम की अहम भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी मड़ला निरीक्षक बखत सिंह ठाकुर, थाना प्रभारी शाहनगर उपनिरीक्षक रवि सिंह जादौन, सहायक उपनिरीक्षक रंजीत कुंजूर, रामकृष्ण पाण्डेय, प्रधान आरक्षक मनोज त्रिपाठी, ईश्वर दयाल, हेमंत रावत, धर्मेंद्र हरदेनिया, रामपाल बागरी, आरक्षक राकेश सिंह, रेखा भिलाला, चन्द्र कुमार, ऐश्वर्य प्रताप सिंह, नान सिंह, अशोक खरेत, दुर्गाभान बागरी, महिला आरक्षक रेखा सिंह, आरक्षक पायलेट अफजल अली तथा थाना मड़ला से सहायक उपनिरीक्षक वृंदावन, आरक्षक राजपाल यादव, सुरेश कुमार, राहुल अहिरवार और साइबर सेल पन्ना की टीम शामिल रही। फिलहाल, पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह की अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।