23 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Madhya Pradesh / Rajgarh / राजगढ़ के 421 गांवों में 12 दिन नहीं आएगा मोहनपुरा योजना का पानी, 25 नवंबर से सप्लाई बंद

राजगढ़ के 421 गांवों में 12 दिन नहीं आएगा मोहनपुरा योजना का पानी, 25 नवंबर से सप्लाई बंद

Water Supply Shutdown : 421 गांवों के नलों से जल सप्लाई पर 12 दिन का ब्रेक, 25 नवंबर से बंद हो जाएगी मोहनपुरा की जलापूर्ति। भोपाल-रामगंजमंडी रेल लाइन लाइन के निर्माण के चलते पेयजल योजना की मुख्य पाइपलाइन होगी शिफ्ट, 6 दिसंबर तक नहीं मिलेगा योजना का पानी।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

राजगढ़

•

image

Mohammad Faiz Mubarak

•

Updated: 23 Nov 2026, 7:09 PM IST

Water Supply Shutdown

25 नवंबर से बंद हो जाएगी मोहनपुरा की जलापूर्ति (फोटो सोर्स: Patrika)

Rajgarh News:मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के 421 गांवों में अगले 12 दिन तक नलों से मोहनपुरा योजना का पानी नहीं आएगा। 25 नवंबर से 6 दिसंबर तक पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी। ऐसे में इन गांवों के लोगों को पेयजल के लिए वैकल्पिक स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ेगा। भोपाल-कोटा रेलवे लाइन के निर्माण के चलते मोहनपुरा समूह पेय जल योजना की मुख्य पाइपलाइन को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाना है। इसी काम के लिए मध्य प्रदेश जल निगम ने 12 दिन का शटडाउन घोषित किया है। इसका असर राजगढ़, ब्यावरा और खिलचीपुर जनपद पंचायत क्षेत्र के गांवों पर पड़ेगा।

जल निगम के अधिकारियों के अनुसार, निर्माणाधीन भोपाल-रामगंजमंडी रेलवे लाइन दो प्रमुख स्थानों पर मोहनपुरा पेय जल योजना की पाइपलाइन के रास्ते में आ रही है। रेलवे लाइन और पाइपलाइन के क्रॉसिंग वाले इन स्थानों पर पाइपलाइन का पुनर्संरेखण (री-अलाइनमेंट) और स्थानांतरण (शिफ्टिंग) किया जाना है। तकनीकी कार्य के चलते योजना से होने वाली पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बंद रखी जाएगी। यह काम पूरा होने तक 421 गांवों में योजना का पानी उपलब्ध नहीं होगा।

दो स्थानों पर बदलेगा पाइपलाइन का रास्ता

पाइपलाइन शिफ्टिंग का काम मंजरीखो और लालगढ़ गांव के पास किया जाएगा। जल निगम के जिला प्रबंधक यूके चौधरी ने बताया कि मंजरीखो के पास मुख्य रॉ वाटर पाइपलाइन (डीआई-600 एमएम), ग्रेविटी मेन पाइपलाइन (डीआई-200 एमएम) और डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन (एचडीपीई-110 एमएम) का पुनर्संरेखण एवं स्थानांतरण होगा। वहीं लालगढ़ के पास ग्रेविटी मेन पाइपलाइन (डीआई-400 एमएम) और पंपिंग मेन पाइपलाइन (डीआई-250 एमएम) को शिफ्ट किया जाएगा। रेलवे लाइन के निर्माण में बाधा बन रही इन पाइपलाइनों को व्यवस्थित करने के लिए यह तकनीकी काम किया जा रहा है।

हैंडपंप-नलकूपों से जुटानी होगी पानी की जरूरत

12 दिन के शटडाउन के दौरान प्रभावित गांवों में पेयजल संकट से बचने के लिए जिला प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की ओर से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और संबंधित जनपद पंचायतों के सीईओ को निर्देशित किया गया है कि सभी प्रभावित गांवों में स्थानीय हैंडपंप, नलकूप और अन्य वैकल्पिक जलस्रोतों का तत्काल संधारण कर सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करें। पीएचई के ईई के अनुसार, विभाग और पंचायतों के माध्यम से चालू हैंडपंपों से भी पेयजल उपलब्ध कराने में मदद ली जाएगी। इसके अलावा जरूरत के अनुसार अन्य व्यवस्थाएं भी विभागीय स्तर पर की जाएंगी।

पानी का मितव्ययिता से उपयोग करने की अपील

जल निगम और जिला प्रशासन ने प्रभावित गांवों के निवासियों से शटडाउन अवधि में पानी का मितव्ययिता से उपयोग करने और निर्माण कार्य में सहयोग करने की अपील की है। जल निगम के महाप्रबंधक उमाकांत चौधरी द्वारा जारी सूचना के मुताबिक 25 नवंबर से 6 दिसंबर 2026 तक मोहनपुरा समूह पेयजल योजना की आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी। इस दौरान प्रशासनिक स्तर पर जनहित के लिए किए जा रहे कार्य में नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है।