
राजगढ़। पत्रिका द्वारा १३ मई से शुरू किए गए अमृतम जलम अभियान में राजगढ़ जिले की पांचों तहसीलों में लोगों ने श्रमदान कर स्वच्छता और जल सहेजने का काम किया। कहीं नदी तो कहीं तालाब और बावड़ी की सफाई की गई। जिसका समापन शुक्रवार को राजस्थान पत्रिका के मध्यप्रदेश में ११ वें स्थापना दिवस के साथ किया गया। जहां सभी ने इस अभियान को सहारा और इस तरह के अभियान लगातार चलते रहे इसको लेकर भी लोगों ने अपनी राय रखी। इस आयोजन में मुख्य रूप से कलेक्टर कर्मवीर शर्मा, एसपी सिमाला प्रसाद, एसडीएम ममता खेड़े, नगरपालिका अध्यक्ष मंगला शैलेष गुप्ता मुख्य रूप से मौजूद रही। जबकि आयोजन में कई संगठन और संस्थाएं भी पहुंचे। जहां कलेक्टर ने स्वच्छता का संकल्प दिलाते हुए सभी से अभ्युदय अभियान के बिंदुओं पर आगे लाने की अपील की।
सहयोगी संगठन, समाज और संस्थाएं और उनके मुखिया-
प्रजापिता ब्रम्हाकुमारी आश्रम मधु बहिन, वाहन चालक यांत्रिकी संघ राजकुमार शर्मा गु्रप, राजगढ़ चौपाल ग्रुप संजय सक्सेना ग्रुप, सेना पुलिस भर्ती निशुल्क प्रशिक्षण सेंटर बृजमोहन रजक ग्रुप, जीएनएम सेंटर की छात्राएं बीएमओ आरके कठेरिया, साहू वैश्य छात्र महासभा अंकित साहू, संविदा स्वास्थ्यकर्मी संघ मनोज वंशीवाल ग्रुप, स्टार मित्र मंडल बब्बल सक्सेना, सर्व सेन समाज महेश सेन, डाक सेवक संघ रमेशचंद्र साहू, नेवज सामुदायिक परियोजना मुकेश पलासिया, मां जालपा सुंदरकाण्ड समिति दयाल प्रजापति, अध्यापक संघ भगवानसिंह राणावत, स्वच्छता सेना चंदरसिंह तोमर, आजाद अध्यापक संघ जगदीश भलवाला, यूनिक्स कम्प्यूटर अजय शर्मा, राजपूत महासभा विजयपाल भाटी, मां नमामी नर्मदे मार्तण्ड सौलंकी, ब्राह्मण समाज तेजेन्द्र उपाध्याय, गुर्जर समाज राजबाबू गुर्जर, तंवर समाज केसर तंवर, पुष्पद समाज महेश पुष्पद, सौंधिया समाज कमलसिंह चौहान, इंजीनियर एसोसिएशन ईश्वरसिंह चौहान, जनअभियान परिषद मंगलसिंह, पंचायत सचिव ग्रुप राजेश सौंधिया,भाजपा मंडल साकेत शर्मा, ब्लाक कांग्रेस आशीष सातालकर, चाइल्ड लाइन अरूण सातालकर, नागर स्टेशनरी दीपक नागर, आशीष नागर, सपाक्स ओम पाटोदिया, आवासीय छात्रावास के बच्चे, नगरपालिका से रंजीत लोहट की टीमें शामिल रही।
इनका कहना है-
नदी को लेकर पत्रिका द्वारा चलाया गया यह अभियान वाकई कारगर होगा। इसके साथ ही शहर में कुछ जगह ऐसी है। जहां लोग कचरा फेंकते है और वहीं सड़ रहा है। वहां भी ध्यान देने की जरूरत है।
डॉ. अभिनव विजयवर्गीय
ऐसे अभियान होते रहना चाहिए। इससे इतने जल्दी परिणाम नहीं मिलते। लेकिन अच्छे परिणाम आते जरूर है। जिसको लेकर सतत प्रयास जरूरी है। इसमें हम सभी को आगे आना चाहिए।
साधना श्रीवास्तव
ऐसे आयोजनों में सभी की सहभागिता बहुत महत्वपूर्ण होती है। बहुत अच्छा आयोजन रहा। निश्चित रूप से इससे लोगों में जागरूकता जरूर आएगी। कुछ कमियां भी है। ऐसे नदी पर घाट को बढ़ाया जाए और पौधरोपण किया जाए।
प्रदीप चौहान
अब एक नया अभियान शुरू हो। जिसमें पौधरोपण और हाईवे पर लाइटिंग के लिए लोग एकत्रित हो। इससे कई दुर्घटनाएं रूकेगी। जल संरक्षण को लेकर पत्रिका का यह अभियान हर जगह सफल रहा।
जेएस राठौर
ऐसे प्रयासों का चलन हमेशा होते रहना चाहिए। इसके परिणाम जरूर अच्छे आते है। जिस तरह चौपाल ग्रुप ने एक कचरा घर को पार्क में तब्दील कर दिया तो यदि प्रशासन, सरकार और जनता जब एक हो जाए तो फिर कोई काम कठिन नहीं होता।
मनोज हाड़ा
यह प्रयास निश्चित रूप से एक प्रेरणा है और इसमें हर नागरिक ने जुडऩे का प्रयास किया। क्योंकि सभी नेवज नदी से जुड़े हुए है। नदी को लेकर पहले जो प्रयास किए गए। उसका नतीजा है कि आज भी यहां पानी भरा रहता है।
हेमराज कल्पोनी
हमारी फोटो गाड़ी धोते हुए भी लग सकती थी और कपड़े धोते हुए भी। लेकिन पत्रिका ने हमें जागरूक करने के लिए हमारी आवाज रखने के लिए एक पवित्र तरीका अपनाया। यही पत्रिका का काम है।
केके नागर
जिस तरह इस अभियान में पूरा शहर एक हुआ। उसी तरह शहर के विकास के लिए अन्य कार्यो में भी आगे आना चाहिए। फिर वह शिकायत हो या फिर अपील।
बापूसिंह तंवर
जहां भी इस तरह के आयोजन होते है। मेरा यही प्रयास रहता है कि हर दिन उसमें शामिल रहूं और इस अभियान में भी पहले दिन से आखरी दिन तक मेरी मौजूदगी रही। मैं आभारी हूं पत्रिका का कि उन्होंने खबरों से हटकर स्वच्छता अभियान चलाया।
कमल तंवर
वाहनों पर करती हूं कार्रवाई-
ऐसे अभियान चलते रहना चाहिए। बैनर कोई भी हो। लेकिन पहल यदि होती है तो लोग जुड़ते जाते है। मैं खुद नेवज मैया को लेकर जब भी यहां से भ्रमण पर जाती हूं। कोई भी वाहन यदि यहां धोता है तो निश्चित रूप से चालान कटवाती हूं। स्वच्छता को लेकर यहां वाहन या कपड़े नहीं धोना चाहिए।
ममता खेड़े, एसडीएम राजगढ़
ऐसे आयोजनों में पुलिस भी शामिल हो-
ऐसे आयोजन में एक के बाद एक लोग जुड़ते गए। हम अपने नंबर का इंतजार कर रहे थे। बहुत अच्छा आयोजन है। ऐसे आयोजन जब भी हो। उसमें पुलिस को भी जरूर जोड़े। हमेशा हम ऐसे आयोजनों में साथ होंगे। पत्रिका द्वारा चलाए गए इस अभियान ने निश्चित रूप से एक दिशा दी है। जिसके परिणाम जरूर अच्छे आएंगे।
सिमाला प्रसाद, एसपी राजगढ़
खुद को भी बदलना होगा-
कोई यह सोचे की नगरपालिका या प्रशासन अकेला कुछ कर ले तो यह संभव नहीं है। उसमें जनता का सहयोग बहुत ही जरूरी होता है। फिर चाहे पानी सहेजने की बात हो या स्वच्छता की। बदलाव के लिए खुद को बदलना होगा। नेवज नदी के उत्थान को लेकर हमने घाट और सफाई के लिए कुछ में नल लगाने की योजना बनाई है। वहीं बायपास पर लाइटिंग और पौधरोपण को लेकर भी टेंडर लग रहे है।
मंगला शैलेष गुप्ता, नपा अध्यक्ष राजगढ़
संकल्प लेकर जाए कि न गंदगी करेंगे और न करेंगे देंगे-
जिस तरह से राजगढ़ में नदी बहती है ऐसा दूर-दूर तक नजर नहीं आता। यह कहीं न कहीं शहर के ही प्रयास है और अब तो और भी कभी पानी की कमी नहीं होगी। लेकिन उस पानी को सहेजे और स्वच्छ रखे। इसके लिए इस तरह के अभियान बहुत कारगर होते है। उम्मीद करते है जिस तरह से पत्रिका ने यह अभियान चलाया और जनता जुड़ी। उसी तरह हम जिले को आगे लाने के लिए अभ्युदय अभियान में पूरा सहयोग करे और स्वास्थ्य व शिक्षा को लेकर भी ऐसे अभियान चलाए।
कर्मवीर शर्मा, कलेक्टर राजगढ़