
राजगढ़/ब्यावरा@राजेश विश्वकर्मा की रिपोर्ट...
शहर से कालीपीठ थाना क्षेत्र के बीच महाबल पुलिया पर बुधवार आधी रात को डायल-100 की स्टेयरिंग लॉक हो जाने से पलट गई। गाड़ी सीधे महाबल पुल के नाले में जा गिरी। इससे उसमें बैठे एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। वहीं, चालक सहित एक अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार कालीपीठ की ओर जा रही थाने की डायल-100 चाठा-महाबव के बीच महाबल नाले के पास पलट गई। इससे गाड़ी की बीच की सीट पर बैठे आरक्षक नरेंद्र उमठ (३५) निवासी पीपलबे आश्रम की मौत हो गई। वहीं, चालक हिम्मतसिंह यादव और आरक्षक सुरेंद्रसिंह चौहान घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसा इतना भीषण था कि नरेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और गाड़ी भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया, अंतिम संस्कार नरेंद्र के गांव में ही विधिवत किया गया।
तकनीकि खामी : दो दिन से सिग्नल बता रही थी गाड़ी!
बताया जाता है कि डायल-100 की गाड़ी में दो दिन से तकनीकि खराबी के चलते एक रेड सिग्नल बता रहा था, फिर भी स्टॉफ ने उसे ठीक नहीं करवाया। अचानक गाड़ी की स्टेयरिंग लॉक हो जाना कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल स्टॉफ के पुलिसकर्मी इसे तकनीकि फॉल्ट बता रहे हैं, लेकिन समय रहते यदि इसे ठीक करवा लिया होता तो शायद ऐसे हादसे से बचा जा सकता था।
इसके पहले भी मंगलवार को भी जिले के फोरलेन बाइपास पर भी भीषण हादसा हो गया। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई व एक गंभीर रूप से घायल हो गया था। जानकारी के अनुसार फोरलेन बाइपास पर एक कंटेन्टर व बाइक अपनी अपनी गति से आ रहे थे। पर, किसी कारण वश दोनों वाहन अनियंत्रित होकर एक दूसरे से टकरा गए। जिसके चलते यह गंभीर हादसा हो गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई व एक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने मौके पर पुलिस और 108 को घटना की जानकारी दी। पुलिस और एंबुलेंस के मौके पर पहुंचने के बाद, घायल को निजी अस्पताल मेें भर्ती करवाया गया। व शव को पीएम के लिए भेजा गया।