
राजगढ़. शहर के बीचो-बीच से निकले एनएच ५२ को त्रिवेणी पुलिया से लेकर कलेक्ट्रेट चौराहे तक फोरलेन किया गया है। करीब दो साल पहले बनकर तैयार हुई इस सड़क पर प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य जरूरी सुविधाएं नहीं है। ऐसे में राजगढ़ नगरपालिका की अध्यक्ष मंगला शैलेष गुप्ता ने सड़क निर्माण एजेंसी मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के अधिकारी को पत्र लिख सड़क पर जरूरी सुविधाएं करवाने और तब तक निर्माण कंपनी द्वारा वसूले जा रहे टोल टैक्स पर रोक लगाने की मांग की है।
दरअसल व्यस्त यातायात और शहरवासियों की सुविधा के लिए बनी फोरलेन सड़क पर यातायात शुरू हुए दो साल से अधिक का समय हो चुका है, लेकिन यहां अब तक न तो प्रकाश व्यवस्था हो सकी है न ही सर्विस रोड, यात्री प्रतीक्षालय, सड़क के किनारे और मध्यम में पौधरोपण आदि जैसी जरूरी सुविधाएं है। ऐसे में लोगों की सुविधा के लिए बनाई गई,यह सड़क वाहन चालकों सहित शहरवासियों के लिए परेशानी बन रही है। इसके बावजूद ठेकेदार द्वार सड़क से गुजरने वाले लोगों से टोल टैक्स के रूप में प्रतिदिन हजारों रुपए वसूले जा रहे है।
कई माह पूर्व टेंडर, कार्य अब तक नहीं
सड़क निर्माण के डेढ वर्ष बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कलेक्टर की फटकार के बाद एमपीआरडीसी ने करीब चार माह पूर्व सड़क के मध्य विद्युतीकरण और प्रकाश व्यवस्था के लिए टेंडर जारी कर यहां काम एक निजी कंपनी को सौंपा है,
लेकिन टेंडर लेने के बाद कंपनी ने अब तक यहां काम की शुरुआत तक नहीं की है। ऐसे में नपाध्यक्ष ने कलेक्टर के माध्यम से एमपीआरडीसी को सड़क के सुधार के लिए पत्र लिखा था। जिसके जबाव में एमपीआरडीसी के अधिकारी ने सड़क पर प्रकाश व्यवस्था के लिए विद्युतीकरण का काम एक हफ्ते में शुरू होने की बात कही, लेकिन सड़क की अन्य खामियों में सुधार कब होगा इसका कोई जवाब उनके पास भी नहीं है।
निर्माण के समयहटाए खंभे
नपाध्यक्ष ने कलेक्टर और विभाग को लिखे पत्र में शिकायत की फोरलेन निर्माण के समय कंपनी द्वारा सड़क किनारे दोनों और नपा द्वारा लगवाई लाइट को हटाया गया था। वहीं कुछ हरे पेड़ों सहित मंगलभवन की बाउंड्रीवाल, बिरसामुंडा प्रतिमा, आदि हटवाए थे। निर्माण के बाद इनहें फिर से स्थापित करने के लिए विभाग ने कोई पहल नहीं की है। वहीं नाली निर्माण, फुटपाथ आदि के निर्माण भी खासी अनिमियत्ता है।
शहरी क्षेत्र में फोरलेन हाईवे पर प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य सुविधाओं के लिए कई बार एमपीआरडीसी से बात की है। वहां से स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा। लोगों की परेशानी देखते हुए एमपीआरडीसी को सड़क पर प्रकाश व्यवस्था करने और तब तक टोल टैक्स बंद करने के लिए पत्र लिखा है।
मंगला शैलेष गुप्ता, नपाध्यक्ष राजगढ़
हाईवे पर विद्युतीकरण के लिए टेंडर और वर्कआर्डर जारी हो चुका है। ठेकेदार ने किसी कारण से काम की शुरुआत नहीं की थी। अब काम का लेआऊट भी दे दिया है। एक हफ्ते के भीतर काम की शुरुआत हो जाएगी।
एस के अहिरवार, मुख्य प्रबंधक एमपीआरडीसी