15 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राजस्थान से लौट रहे युवकों को बच्चा चोर समझकर पीटा, राजगढ़ के गांव में मचा हंगामा

Child Theft Rumour Incident: राजपुरा गांव में संदेह के आधार पर हुई मारपीट, कार में छह लोग थे, दो भालता पुलिस के पास और चार भोजपुर पुलिस की निगरानी में।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

राजगढ़

•

image

Shailendra Sharma

•

Updated: 15 Nov 2026, 7:49 PM IST

Rajgarh Child Theft Rumour Incident

Rajgarh Child Theft Rumour Incident, विवाद करते लोग व क्षतिग्रस्त गाड़ी (Source-Patrika)

Rajgarh Child Theft Rumour Incident: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के राजपुरा गांव में रविवार को बच्चा चोर होने के संदेह में ग्रामीणों ने बाहरी लोगों को घेरकर मारपीट कर दी। ग्रामीणों ने उनकी टवेरा गाड़ी में तोड़फोड़ भी की। ग्रामीणों ने टवेरा गाड़ी में सवार लोगों को घेर लिया और मारपीट की। पुलिस की जांच में सामने आया कि वाहन में सवार छह लोग राजस्थान से मध्यप्रदेश की ओर आ रहे थे। रास्ते में हुए विवाद के बाद कुछ लोग उनका पीछा कर रहे थे।

बचने के लिए मध्यप्रदेश की सीमा में आए

पूछताछ में युवकों ने पुलिस को बताया कि वे राजस्थान गए थे और लौटते समय रास्ते में कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया था। इसी विवाद के बाद कुछ लोग उनके पीछे लग गए और वे बचते हुए मध्यप्रदेश की सीमा में आ गए। हालांकि, विवाद की पूरी वजह और घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। हालांकि, अब तक बच्चा चोरी से जुड़ा कोई तथ्य सामने नहीं आया है।

पैसों के लेन-देन की भी बात आ रही सामने

भोजपुर थाना प्रभारी अजय यादव के अनुसार, टवेरा में सवार छह लोगों में से दो युवक राजस्थान के भालता थाना क्षेत्र में हैं, जबकि चार भोजपुर पुलिस के पास हैं। भालता में मौजूद दो युवकों में एक मूल रूप से राजस्थान के सीकर जिले का निवासी है। उसके परिजन भालता थाने पहुंच चुके हैं। पुलिस ने सीकर जिले में भी उसकी जानकारी की पुष्टि की है। दूसरा युवक विदिशा जिले का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लेन-देन से जुड़ा विवाद होने की बात सामने आ रही है। वहीं, भोजपुर पुलिस के पास मौजूद चारों युवकों को भालता पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा। फिलहाल विस्तृत जांच की जा रही है।

विदिशा जिले के युवकों के साथ हुई मारपीट

जानकारी के अनुसार जिन लोगों के साथ मारपीट हुई, वे विदिशा जिले के त्योंदा थाना क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार कृष्णा पिता बुंदेलसिंह यादव (32), निवासी बंजरिया, मेहरबानसिंह पिता करणसिंह मीणा (42), निवासी मूडली, रामकृष्ण पिता हरिराम बघेला (32), निवासी घटेरा और प्रतिसिंह पिता भोलाराम मीणा (40), निवासी दरबाड़ा चारों विदिशा जिले के त्योंदा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। फिलहाल पुलिस दोनों थाना क्षेत्रों से मिली जानकारी के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

पहले आपस में हुई मारपीट, फिर ग्रामीणों ने पीटा

युवकों ने पुलिस को बताया है कि हमारे साथ दो युवक और थे, जिनमें आपस में मारपीट हो गई। हम चाय पीने रुके थे, वे दोनों कार में थे, तभी दोनों में कहासुनी हुई, इसके बाद राजस्थान के सीकर निवासी युवक ने कहा कि ये लोग मुझे जबरदस्ती ले जा रहे हैं, इस पर ग्रामीणों ने मारपीट कर दी। यह विवाद भालता क्षेत्र में हुआ था। इसके बाद इनका भी बाइक पर कुछ लोगों ने पीछा किया। ये चारों भागते हुए राजपुरा आ गए, जहां इन्हें घेरकर मारपीट की गई।