
नरसिंहगढ़. नगर पालिका सीमा में शामिल क्षेत्रों में ग्राम पंचायत की अनुमति से बने आवासीय और व्यावसायिक भवनों को लेकर अब सीमांकन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। नगर पालिका ने निकाय क्षेत्र की बाहरी सीमाओं का सीमांकन कराने के लिए तहसीलदार को पत्र लिखा है। सीमांकन के बाद नगर पालिका क्षेत्र में आने वाले ऐसे निर्माणों की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नगर सीमा के स्पष्ट निर्धारण के साथ विकास कार्यों और संपत्ति कर का दायरा बढ़ाने की योजना भी है।
नगर पालिका की ओर से तहसीलदार को भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि निकाय क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं। वर्तमान और भविष्य में होने वाले विकास कार्यों की कई परियोजनाएं तैयार हैं, जिन्हें शीघ्र प्रारंभ किया जाना प्रस्तावित है। इन परियोजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन और नगर क्षेत्र की वास्तविक सीमाओं तक विकास कार्यों के विस्तार के साथ संपत्ति कर का दायरा बढ़ाने के लिए निकाय की बाहरी सीमाओं का सीमांकन कराने के लिए पत्र भेजा है।
संजय नगर से सागरपुर बायपास तक का क्षेत्र वर्ष-2014 में गजट नोटिफिकेशन के माध्यम से नगर पालिका सीमा में शामिल किया जा चुका है। इसके बावजूद क्षेत्र में ग्राम पंचायत से भवन निर्माण अनुमतियां जारी होने और उनके आधार पर आवासीय और व्यावसायिक भवन बनने का मामला सामने आया था। कई स्थानों पर बड़े कॉम्पलेक्स और व्यावसायिक भवन भी तैयार हो चुके हैं। नगर पालिका की ओर से जब कुछ निर्माणकर्ताओं को नोटिस जारी किए गए, तो संबंधित लोगों ने जवाब में ग्राम पंचायत से जारी निर्माण अनुमति प्रस्तुत कर दी। इसके बाद नगर पालिका सीमा और पंचायत से जारी अनुमतियों की वैधानिकता को लेकर सवाल खड़े हुए।
क्षेत्र में अभी भी नए आवासीय और व्यावसायिक निर्माण कार्य जारी हैं। ऐसे में सीमांकन के साथ भवन निर्माण अनुमतियों, स्वीकृत नक्शे, मंजिलों की संख्या, पार्किंग और वॉटर हार्वेस्टिंग जैसे अनिवार्य प्रावधानों की जांच भी जरूरी मानी जा रही है। पूर्व में आवासीय अनुमति की आड़ में व्यावसायिक निर्माण और स्वीकृत मानचित्र से अतिरिक्त निर्माण करने की शिकायतें भी सामने आ चुकी हैं। अब प्रशासन की ओर से सीमांकन की प्रक्रिया पूरी होने और उसके बाद होने वाली कार्रवाई का इंतजार है।
कुछ निर्माणकर्ताओं को नोटिस जारी किए थे, जिन्होंने जवाब में पंचायत की अनुमति प्रस्तुत की थी। वर्ष 2014 के गजट के अनुसार यह क्षेत्र नगरीय सीमा में आता है। सीमांकन के बाद स्थिति स्पष्ट होगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।