
राजगढ़. नगर में चल रही अव्यवस्था और रुके हुए विभिन्न विकास कार्यों को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस ने नगरपालिका कार्यालय के सामने धरना दिया। जहां कांग्रेस के बड़े नेताओं के अलावा युवा कार्यकर्ता मौजूद थे। युवक कांग्रेस के नेतृत्व में किए गए इस प्रदर्शन के दौरान जब कार्यालय में सीएमओ और अध्यक्ष की मौजूदगी नहीं होने के बाद कांग्रेसियों ने अपना विरोध कार्यालय के मुख्य द्वार पर पहले ताला जड़कर जताया। फिर भी जब बात नहीं बनी तो कांग्रेसियों ने विरोध जताते हुए नगर पालिका कार्यालय के गेट पर ही मटके फोडऩा शुरू कर दिया।
लेकिन मामला यही नहीं रुका, धरने में शामिल महिलाओं ने नपा कार्यालय के मुख्य द्वार पर ही चूडिय़ां फेंकना शुरू कर दिया। जब वे चूडिय़ां फेंक रही थीं तो इस दौरान न तो कोई कर्मचारी और न ही जनप्रतिनिधि उन्हें रोकने के लिए पहुंचा। इसके बाद में तहसीलदार संजय चौरसिया को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की।
20 मुद्दों को लेकर दिया धरना
युवक कांग्रेस द्वारा दिए गए धरने के दौरान २० बिंदुओं पर कार्रवाई की मांग की। जिसमें जल आवर्धन योजना के तहत डाली गई लाइन में हुई खुदाई के बाद कोई समतलीकरण नहीं किया गया। पांच करोड़ की अधोसंरचना वाली सड़क पर कोई फुटपात या पौधरोपण नहीं हुआ। प्रधानमंत्री आवास में अपात्रों को भी लाभ दिलाया। स्टेट लाइट व्यवस्था चरमरा रही है। कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। जिला पंचायत के भवन का सामुदायिक भवन के रूप में शिलान्यास किया। लेकिन नपा के जनप्रतिनिधि ने अपने स्वार्थ के लिए उस जगह को शराब के ठेके के लिए दिलावा दी। जल आवर्धन योजना की पाइप लाइन कम गहराई पर खुदवाई गई सहित अन्य मुद्दे शामिल थे।
कई वक्ता मंच से बोले
नगर की समस्याओं और उन पर किसी प्रकार का कोई ध्यान नहीं देना। ऐसे मामलों को लेकर पूर्व विधायक प्रताप मंडलोई, प्रदेश सचिव बापूसिंह तंवर, प्रेमसिंह परिहार, श्याम दुबे बिट्टा, अशोक वर्मा, राजेन्द्र पुष्पद, प्रेमसिंह बना, आशीष सातालकर, लोकेश दुबे, धर्मेन्द्र मेवाड़े, कमाल खान आदि ने मंच से संबोधित करते हुए कई तरह के आरोप लगाए।
शहर में १८ करोड़ की जल आवर्धन योजना का काम चल रहा है, जिससे सड़कें खुदी पड़ी हंै। लेकिन काम पूरा होने के कारण मेंटनेंस राशि से सड़कें दुरूस्त की जाएगी। नपा द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को देख कांग्रेसी बौखलाएं हुए हैं। इसलिए इस तरह के प्रदर्शन कर रहे हैं।
- शैलेष गुप्ता, नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि राजगढ़