
Rajgarh Minor Beaten Over Scooter Theft: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में एक भाजपा नेता का स्कूटर चोरी होने के बाद चोरी के शक में नाबालिग के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना खिलचीपुर थाना क्षेत्र की है, जहां बुधवार को नाबालिग के साथ मारपीट होना बताया गया है, लेकिन घटना का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पुलिस ने नाबालिग की शिकायत पर मारपीट का प्रकरण दर्ज किया है। वहीं स्कूटर मालिक भाजपा नेता की शिकायत पर नाबालिग के खिलाफ वाहन चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बुधवार रात खिलचीपुर में एसडीएम निवास के सामने रहने वाले भाजपा नेता विजय उर्फ बंटी शर्मा के घर के बाहर खड़ा स्कूटर चोरी हो गया था। घटना के बाद परिजनों और परिचितों ने वाहन की तलाश शुरू की। गुरुवार सुबह 17 वर्षीय नाबालिग वही स्कूटर लेकर हिनोत्या गांव पहुंचा। बताया जा रहा है कि रास्ते में स्कूटर का पेट्रोल खत्म हो गया। वह एक दुकान से पेट्रोल का केन लेकर भागने लगा, तभी ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। स्कूटर की पहचान होने पर इसकी सूचना वाहन मालिक विजय शर्मा को दी गई।
आरोप है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले कुछ लोगों ने नाबालिग के हाथ पीछे रस्सी से बांध दिए, उसकी शर्ट उतरवा दी और उससे पूछताछ के नाम पर मारपीट की। इस दौरान कई लोगों ने मोबाइल से वीडियो भी बनाए। वायरल वीडियो में नाबालिग दर्द से कराहता नजर आ रहा है, जबकि कुछ लोग उससे स्कूटर चोरी के संबंध में पूछताछ करते दिखाई दे रहे हैं।
सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और नाबालिग को भीड़ से छुड़ाकर खिलचीपुर थाने ले गई। बाद में उसके परिजन भी थाने पहुंचे। पुलिस ने उसका मेडिकल कराया, जिसमें शरीर पर चोट के निशान पाए गए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि नाबालिग का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है और उसका उपचार चल रहा है।
नाबालिग ने पुलिस को बताया कि वह राजगढ़ से खिलचीपुर आया था और रात में एक ढाबे पर रुका था। उसका आरोप है कि वहां एक व्यक्ति ने उसके कपड़े उतरवाकर उसके साथ गलत हरकत की। पुलिस इस आरोप की भी जांच कर रही है। खिलचीपुर टीआई कमलसिंह गहलोत ने बताया कि नाबालिग की शिकायत पर मारपीट का प्रकरण दर्ज किया गया है। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है वहीं, स्कूटर चोरी के मामले में भी पुलिस वैधानिक कार्रवाई कर रही है।