राजगढ़

राजगढ़ में पापा से रूठकर घर के बाहर बैठी 3 साल की बच्ची को सांप ने काटा, नहीं बची जान

Snake Bite: बच्ची को सांप के काटने के बाद परिजन उसे झाड़फूंक कराने के लिए ले गए जिससे इलाज में देरी हो गई और जब अस्पताल लेकर पहुंचे तो बच्ची को बचाया नहीं जा सका।

2 min read
May 14, 2026
3 year old girl dies after snake bite

Snake Bite: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में परिजनों की लापरवाही और अंधविश्वास ने उनकी तीन साल की मासूम बच्ची की जान ले ली। घटना पीपलबे आश्रम की है जहां रात करीब 7.30 बजे घर के बाहर बैठी तीन वर्षीय मासूम बच्ची को सांप ने काट लिया। परिजन पहले झाड़फूंक और देव स्थान पर ले जाने में लगे रहे, जिससे इलाज में देरी हो गई। बाद में अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन बच्ची की जान नहीं बच सकी। ऐसे में एक बार फिर अंधविश्वास ने एक तीन साल की मासूम की जान ले ली।

ये भी पढ़ें

मुरैना में रात में पिता के साथ सोई बच्ची का सुबह 700 मीटर दूर गड्ढे में मिला शव

वक्त पर अस्पताल ले जाते तो बच सकती थी जान

देहात पुलिस के अनुसार निहारिका (3) पिता कृपाल सिंह राव की सांप के काटने से मौत हुई है। बताया जा रहा है कि रात करीब 7.30 बजे बच्ची घर के बाहर बैठी थी तभी उसे सांप ने काट लिया। परिजनों को जब घटना की जानकारी लगी तो वे घबरा गए। बच्ची की हालत बिगड़ने लगी, लेकिन उसे तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाए परिजन पहले झाड़फूंक कराने के लिए देव स्थान पर ले गए। करीब 20 मिनट तक इसी में समय निकल गया। इसके बाद में बच्ची को काफी देर बाद अस्पताल लाया गया। हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची का उपचार शुरू किया। लेकिन जहर शरीर में फैल चुका था। हालत लगातार गंभीर होती गई और थोड़ी देर बाद ही मासूम ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

रूठकर घर से बाहर बैठी थी बच्ची

बच्ची के पिता कृपाल सिंह राव ने बताया कि बेटी निहारिका शाम को दुकान से कुछ खाने का सामान लाने की जिद कर रही थी, सामान न दिलाने पर वो इसीलिए रुठकर घर के बाहर चली गई और घर के सामने निर्माणाधीन शौचालय के पास जाकर बैठ गई। वहां पत्थर पड़े हुए थे, जहां अचानक सांप ने उसे काट लिया। घटना के बाद बेटी ने मां और चाचा को भी बताया कि सांप ने काट लिया। चाचा ने बताया कि बेटी ने करीब 20 मिनट बाद कहा कि दिखाई नहीं दे रहा है। ऐसे में न्यूरो टॉक्सिक पॉइजन का अंदाजा लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि निहारिका परिवार में इकलौती बेटी थी। ऐसे में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पत्रिका अपील- लापरवाही नहीं जागरूक बने

  1. सांप काटने के बाद समय पर एंटी वेनम मिल जाए तो बच सकती है जान- शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. बीएम गुप्ता ने बताया कि यदि सांप काटने पर समय पर उपचार मिल जाए तो जान बच सकती है। सांप काटने की स्थिति में झाड़फूंक के बजाए तुरंत अस्पताल पहुंचाना चाहिए, ताकि समय पर इलाज और एंटी वेनम दिया जा सके।
  2. गर्मी में बढ़ जाता है जहरीले जीवों का खतरा, बच्चो का रखे ध्यान- गर्मी और बारिश के मौसम में सांप, बिच्छू सहित अन्य जहरीले जीव घरों और आबादी वाले इलाकों में निकलने लगते हैं। खेत, पत्थरों के ढेर, लकड़ी, कचरा और नमी वाली जगहों पर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। बच्चों को अकेले बाहर न छोड़े और रात में बाहर निकलते समय टॉर्च का उपयोग करें।

ये भी पढ़ें

MP News: सगाई के बाद SAF आरक्षक ने मंगेतर से बनाए शारीरिक संबंध, अब शादी से इनकार
Updated on:
14 May 2026 09:34 pm
Published on:
14 May 2026 09:30 pm
Also Read
View All