14 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मुरैना में रात में पिता के साथ सोई बच्ची का सुबह 700 मीटर दूर गड्ढे में मिला शव

MP News: पिता के साथ शादी समारोह में शामिल होने आई थी बच्ची, रात में पिता के साथ ही सोई थी, सिर कुचलकर बेरहमी से की गई हत्या।

2 min read
Google source verification
morena

7 year old girl found dead after wedding function

MP News: मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के चिन्नौनी थाना क्षेत्र के राम लाल का पुरा गांव में 7 वर्षीय बालिका की अज्ञात आरोपी द्वारा निर्मम तरीके से सिर कुचलकर हत्या कर दी। बच्ची अपने पिता के साथ एक शादी समारोह में आई थी और बुधवार की रात पिता के साथ ही सोई थी। रात में जब पिता की नींद खुली तो बच्ची गायब थी और सुबह घर से करीब 700 मीटर दूर एक गड्ढे में बच्ची का सिर कुचला शव बरामद हुआ। बच्ची के दोनों हाथ साफी से बंधे हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरु की।

रात में पिता के साथ सोई थी बच्ची

पुलिस के अनुसार बलिराम जाटव निवासी इटौरा थाना कैलारस के भानजे राहुल जाटव निवासी रामलाल का पुरा की शादी थी। बुधवार को उसका मंडप था, इसी में बलिराम अपने रिश्तेदार व परिवार के 20 लोगों के साथ भात देने रामलाल का पुरा गया था। बलिराम की तीन बच्चियां थी, उनमें से दो बच्चियां उसके पास घर के बाहर चबूतरे पर सो रही थीं। एक मां के साथ घर के अंदर सो रही थी। रात तीन बजे तक बलिराम जागता रहा तब तक बच्ची उसके पास सो रही थी। सुबह 5 बजे बलिराम जागा तो बच्ची तनु जाटव (07) गायब मिली। उसको इधर उधर ढूंढ़ा लेकिन बच्ची कहीं नहीं मिली।

गड्ढे में मिला शव

गुरुवार की सुबह करीब नौ बजे एक चरवाहे को एक गड्ढे में बच्ची के पैर नजर आए। उसने तुरंत गांववालों को इसके बारे में बताया जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ऋषिकेश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बच्ची का शव गांव से करीब 700 मीटर दूर एक गड्ढे में मिला। पुलिस के अनुसार, पत्थर से सिर कुचलकर बालिका की हत्या की गई है। बालिका के हाथ साफी से बंधे हुए थे, इससे लगता है कि बच्ची की निर्मम हत्या की गई है। पुलिस ने साफी व खून से सने हुए पत्थर को जब्त कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा हर पहलू पर जांच की जा रही है। पुलिस टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश जारी है। बालिका के परिवार में इस घटना के बाद मातम छाया हुआ है।

बच्ची का शव मिलने से पहले निकल गई थी बारात

पुलिस के अनुसार इधर बच्ची को उसके परिजन व गांव वाले तलाश कर रहे थे। बच्ची मिली नहीं थी, उससे पहले राहुल जाटव की बारात गांव से निकल चुकी थी। गुरुवार को कैलारस अस्पताल में डॉक्टर्स की टीम ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम किया और शव परिजन को सौंप दिया। थाना प्रभारी चिन्नौनी ऋषिकेश शर्मा ने बताया कि रामलाल का पुरा में भात देने आए बलिराम जाटव की 7 साल की बच्ची की पत्थर से सिर कुचलकर निर्मम हत्या की गई है। उसका शव एक गड्ढे में हाथ बंधे हुए मिला है। मौके से साफी, पत्थर को जब्त कर लिया है। डॉक्टर्स की टीम से पोस्टमार्टम कराया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।