राजगढ़

राजगढ़ में बकरी चराने गया था नाबालिग, कुएं में गिरा; हुई मौत

MP News: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बिना मुंडेर के कुएं में गिरने से 13 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।

less than 1 minute read
Mar 08, 2026
फोटो सोर्स- पत्रिका

MP News: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर तहसील के बोरदा ग्राम के पास बिना मुंडेर के कुएं में गिरने से 13 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। वह बकरियां चराने गया था। पानी पीते वक्त उसका उसका पांव फिसल गया, जिससे वह गिर गया। वह कोशिश करता रहा लेकिन बाहर नहीं निकल पाया, इससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, पंकज वर्मा पिता गोपीलाल वर्मा (13) निवासी बोरदा पास के गांव में शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे बकरियां चराने के लिए खेतों की ओर गया था। प्यास लगने पर वह पास के कुएं पर पानी पीने पहुंचा, जहां पैर फिसलने से कुएं में गिर गया। कुएं में गिरने के बाद बालक ने मदद के लिए आवाज लगाई, लेकिन वह निकल नहीं पाया। वहां से गुजर रहे एक बाइक चालक ने गांव पहुंचकर इसकी सूचना दी।

ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू किया

सूचना मिलने पर कंवर वर्मा, धनराज सहित ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कुएं में उतरकर बालक को बाहर निकालने का प्रयास किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद सुबह लगभग नौ बजे उसे बाहर निकाला गया।

ग्रामीण उसे तत्काल उपचार के लिए खिलचीपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पंकज के पिता गोपीलाल वर्मा खिलचीपुर स्थित एसबीआई बैंक में गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। सूचना मिलने पर वे भी अस्पताल पहुंचे। बताया गया कि पंकज दो भाइयों में बड़ा था। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है।

Updated on:
08 Mar 2026 07:02 pm
Published on:
08 Mar 2026 07:01 pm
Also Read
View All

अगली खबर