MP News: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले को जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत पहला स्थान प्राप्त हुआ है।
MP News: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले ने जल संरक्षण के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में अग्रणी मुकाम पाया है। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत डगवेल रिचार्ज कार्यों में जिले को प्रदेश में पहला और खेत तालाब निर्माण में दूसरा स्थान मिला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई 55 जिलों की समीक्षा बैठक में राजगढ़ की इस बड़ी उपलब्धि और पानी सहेजने के प्रयासों की सराहना की गई। सीएम डॉ. यादव ने सभी अधिकारियों के साथ जल संरक्षण कार्यों की समीक्षा कर सरकारी कार्यक्रमों व दफ्तरों में प्लास्टिक की बोतलों का उपयोग कम करने के निर्देश दिए।
सीएम ने कहा कि पारंपरिक जल संग्रहण साधन 'मटका' को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहाकि, पानी बचाने के छोटे प्रयास भी भविष्य में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री चंद्रकांत रघुनाथ पाटिल भी मौजूद रहे, जिन्होंने इन प्रयासों में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले में पानी की बर्बादी रोकने "टोटी लगाओ अभियान" जैसे नवाचारी कदम उठाए हैं। इनके अलावा प्रशासन ने खेत तालाब, कूप (कुआं) रिचार्ज और वर्षा जल संग्रहण के कार्यों को भी विशेष प्राथमिकता दी। इससे जल संरक्षण में यह मुकाम हासिल किया है।
प्रशासन का दावा है कि, जल संरक्षण के इन लगातार प्रयासों का सकारात्मक असर अब जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में साफ दिखने लगा है। कई स्थानों पर न सिर्फ भू- जल स्तर में सुधार हुआ है, बल्कि पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित होने से रोजगार और कृषि के लिए गांवों से होने वाले पलायन में भी कमी दर्ज की गई है। प्रशासन और स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी से यह मुहिम लगातार मजबूत हो रही है।