MP News: करीब एक दशक बाद महोत्सव की वापसी की तैयारी तेज हो गई है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की पहल से जल्द औपचारिक घोषणा हो सकती है।
MP News: नरसिंहगढ़ क्षेत्र की धार्मिक और ऐतिहासिक धरोहर को नई पहचान दिलाने और पर्यटन को नई दिशा देने के उद्देश्य से एक बार फिर नरसिंहगढ़ महोत्सव (Narsinghgarh Mahotsav) शुरू करने की योजना है। शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर हुई पर्यटन गतिविधियों की समीक्षा बैठक में राजगढ़ जिला कलेक्टर डॉ. गिरीश मिश्रा ने आगामी समय में महोत्सव आयोजित किए जाने के निर्देश दिए है। जल्द ही सांस्कृतिक महोत्सव को लेकर औपचारिक घोषणा हो सकती है।
बता दे कि, क्षेत्रीय विधायक मोहन शर्मा ने विधानसभा की प्रादेशिक कार्ययोजना में इस महोत्सव को पुन शुरू करने की मांग को प्रमुखता से शामिल किया था। साथ ही विधानसभा में याचिका भी प्रस्तुत की थी। बीते वर्ष नगर आगमन के दौरान मुख्यमंत्री से भी इस आयोजन को पुन प्रारंभ करने की मांग की थी। अब प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारी होने लगी है। महोत्सव शुरू होने से नगर की रौनक और भी बढ़ जाएगी, साथ ही देशभर में विशेष ख्याति भी मिलेगी।
महोत्सव से न केवल पर्यटन को गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था, कला और संस्कृति को भी नया संबल प्राप्त होगा। स्थानीय प्रतिभाओं को भी इसके लिए मंच मिलेगा। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि एक बार फिर महोत्सव के माध्यम से नरसिंहगढ़ पर्यटन मानचित्र पर अपनी नई पहचान स्थापित करेगा।
नरसिंहगढ़ प्राकृतिक और धार्मिक पर्यटन से समृद्ध है। विंध्य की सुरम्य पहाड़ियों से घिरा क्षेत्र, कल-कल बहते झरने, ऐतिहासिक किला, जल मंदिर, सांका श्यामजी मंदिर, सौलह खंभ, करोटिया गुफा, बड़ी हनुमानगढ़ी, बाबा बैजनाथ महादेव, छोटा महादेव और अभयारण्य यहां की विशेष पहचान है। वर्तमान में इन स्थलों को संरक्षण और विकास की आवश्यकता है।
नरसिंहगढ़ महोत्सव की शुरुआत वर्ष-2010 में वर्तमान विधायक मोहन शर्मा के प्रयासों से हुई थी। वर्ष 2010, 2011 और 2012 में तीन वर्षों तक यह महोत्सव हुआ। शुभारंभतत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया था। महोत्सव में राष्ट्रीय स्तर के ख्यात कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दी थी। जिसमें सुप्रसिद्ध संगीतकार और गायक रविंद्र जैन भी शामिल रहे थे। महोत्सव का मुख्य उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देना था। जिसमें उस समय उल्लेखनीय सफलता भी मिली। आयोजन के बाद पर्यटन स्थलों के सौंदर्याकरण के लिए करीब चार करोड़ की राशि से विभिन्न विकास कार्य हुए।
नरसिंहगढ़ महोत्सव को पहले भी प्राथमिकता से कराया गया था। जिससे क्षेत्र को नई पहचान और विकास को गति मिली। अब दोबारा इसे शुरू कराने के लिए सकारात्मक पहल हुई है। महोत्सव से पर्यटन, व्यापार और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा और नगर के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी। मोहन शर्मा, विधायक, नरसिंहगढ़ (MP News)