आरोप में घिरे भाजपा विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष....
राजगढ़ . चुनरी यात्रा आयोजन समिति और भाजपा विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष ओपी शर्मा आचार संहिता के उल्लंघन मामले में घिरते नजर आ रहे है। सोशल मीडिया के माध्यम से शर्मा की शिकायत की गई कि वे अपने घर से महिलाओं को साडिय़ां वितरित कर रहे है।
सूचना मिलने के साथ ही डिप्टी कलेक्टर प्रिया वर्मा अपनी टीम के साथ शर्मा के घर पहुंची। जहां उन्होंने सीधे घर में जाकर तलाशी शुरू की। हालांकि शर्मा के घर प किसी प्रकार की कोई साडिय़ां नहीं मिली।
जिसके बाद शिकायत में दर्ज कुछ चेहरों और नामों को लेकर प्रिया वर्मा कालाखेत मोहल्ला पहुंची। यहां करीब एक दर्जन महिलाओं के बयान लिए। जिन्होंने यह बताया कि साडिय़ां ओपी शर्मा के घर से उन्हें दी गई है। पंचनामा बनाते हुए डिप्टी कलेक्टर ने इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी है।
आचार संहिता से पूर्व की थी घोषणा-चुनरी यात्रा में शामिल करीब पांच हजार महिलाओं को चुनरी वितरित की जाएगी। इसकी घोषणा आचार संहिता लगने के पूर्व शर्मा ने की थी। लेकिन इस बीच आचार संहिता लग गई। जिसके बाद उन्होंने ऐसी किसी भी घोषणा पर अमल करने से इंकार किया और चुनाव के बाद यह साडिय़ां वितरित करने की जानकारी दी थी।
शिकायत मिली थी। जिसके आधार पर हम जांच कर रहे है। फिलहाल जो स्थान बताया गया था। वहां से कोई साड़ी नहीं मिली। लेकिन महिलाएं बोल रही है कि साडिय़ां ओपी शर्मा ने दी है। पूरा मामला जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
प्रिया वर्मा, डिप्टी कलेक्टर राजगढ़
चुनावी माहौल चल रहा है। यह राजनैतिक षडय़ंत्र हो सकता है। जिसके कारण मुझे बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है न तो मैंने कोई साड़ी बांटी और न ही ऐसी कोई जानकारी है। मेरे घर भी मेडम आई थी। वो भी देखकर गई है। उन्हें कुछ नहीं मिला।
ओपी शर्मा, चुनरी यात्रा समिति अध्यक्ष राजगढ़