2 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajgarh news: ‘मैं श्रम विभाग में नौकरी लगवा दूंगा…’, युवती से बोला झूठ, लगाया 95 हजार का चूना

Financial fraud: मध्यप्रदेश के राजगढ़ में श्रम विभाग के एलडीसी सुरेंद्रसिंह जाटव पर नौकरी दिलाने के नाम पर युवती और उसकी बहनों से 95 हजार रुपये वसूलने का आरोप लगा है।
2 min read
Google source verification
95 हजार की वसूली, फोटो में आरोपी (Photo Source - Patrika)

95 हजार की वसूली, फोटो में आरोपी (Photo Source - Patrika)

राजगढ़ से राजेश विश्वकर्मा की रिपोर्ट...

Rajgarh news:मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में श्रम विभाग में नौकरी लगवाने और काम दिलाने के नाम पर विभाग के ही एक एलडीसी कर्मचारी द्वारा युवती और उसकी बहनों से 95 हजार रुपए वसूलने का मामला सामने आया है। रुपए लौटाने के लिए आरोपी ने चेक भी दिया, लेकिन वह भी भुगतान नहीं हुआ। परेशान युवती ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने एलडीसी कर्मचारी सुरेंद्रसिंह जाटव के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली है।

शिकायत के अनुसार मामला फरवरी-2026 का है। शिक्षक कॉलोनी निवासी देवकुमारी तंवर (35) और उसकी बहनों को श्रम विभाग में नौकरी अथवा काम दिलाने का भरोसा देकर आरोपी ने उनसे रकम ली। इसमें कुछ राशि फोन-पे के जरिए खाते में डलवाई गई, जबकि कुछ रकम नकद ली गई। इस तरह कुल करीब 95 हजार रुपए लिए गए। लंबे समय तक रकम वापस नहीं मिलने पर युवती ने पुलिस से शिकायत की।

छुट्टी पर है कर्मचारी, फिर भी सामने आया वसूली का आरोप

पुलिस के अनुसार आरोपी सुरेंद्रसिंह जाटव श्रम कार्यालय राजगढ़ में एलडीसी के पद पर पदस्थ है और फिलहाल छुट्टी पर बताया जा रहा है। शिकायत में नौकरी लगवाने के नाम पर रकम लेने का आरोप होने से मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस अब रकम के लेनदेन और नौकरी लगाने के नाम पर किए गए दावों की जांच कर रही है। बताया जाता है कि उक्त कर्मचारी के खिलाफ अन्य भी आरोप हैं। वह श्रम विभाग में होने का दावा करते हुए रौब झाड़ता रहता है। हालांकि बताया जाता है कि अब उसके खिलाफ विभागीय जांच भी बैठा दी गई है।

पहले भी वसूली के मामले में आया था नाम

बताया जा रहा है कि आरोपी कर्मचारी के खिलाफ इससे पहले भी वसूली से जुड़ा मामला सामने आ चुका है। हाल ही में ब्यावरा बस स्टैंड क्षेत्र में एक दुकानदार से खुद को श्रम अधिकारी बताकर वसूली करने का मामला सामने आया था। अब नौकरी लगवाने के नाम पर 95 हजार रुपए लेने की नई एफआइआर दर्ज होने से कर्मचारी की भूमिका पर फिर सवाल खड़े हुए हैं। कोतवाली टीआई मंजू मखेनिया ने बताया कि युवती ने स्वयं और अपनी बहनों से रुपए लिए जाने की शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले में लेनदेन और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।