
woman suspicious death 8 year old daughter, मृतका की जीवित अवस्था की तस्वीर व लिपटकर रोती हुई बच्ची (Source-Patrika)
Rajgarh Woman Suspicious Death: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के रिछड़िया गांव में एक 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। रविवार दोपहर के बाद पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। महिला की 8 वर्षीय बच्ची मां से लिपटकर रोती रही और बार-बार मां के पास जाने की कोशिश करती रही, परिजन उसे संभालते रहे।
मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि पति चरित्र पर शक करता था और कई बार प्रताड़ित कर चुका था। कुछ दिन पहले ही गांव के एक युवक से अफेयर होने का आरोप लगाते हुए पंचायत बुलाई थी और पंचायत में 5 लाख 90 हजार रुपये में मामला खत्म करने की बात तय हुई थी। मृतका के पिता का आरोप है पैसे देने के लिए जो तारीख तय की गई थी, उससे पहले ही उनकी बेटी के साथ मारपीट कर पति ने उसकी जान ले ली। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है।
मृतका के पति ने मायके पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों को नकारते हुए कहा है कि पत्नी गांव के ही एक युवक के साथ फोन पर बातचीत करती थी। चार-पांच दिन पहले मोबाइल में नंबर मिलने पर पत्नी से इस बारे में पूछा था और ये भी कहा था कि अगर उस युवक के साथ रहना है तो उसके घर चली जाओ। पति का ये भी कहना है कि पत्नी उस युवक के घर गई और युवक ने साथ रखने से मना कर दिया तो अपनी जान दे दी। पति ने ये भी बताया कि वो और परिवार के लोग सुबह जब उठे तो पत्नी घर पर नहीं थी और पत्नी को ढूंढने निकले तो घटना का पता चला। महिला के तीन बच्चे हैं जिनमें 8 और 6 साल की बेटियां व 4 साल का बेटा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है।
Updated on:
30 Aug 2026 08:19 pm
Published on:
30 Aug 2026 07:51 pm
