
ब्यावरा/राजगढ़. रुक-रुककर दो दिन से हो रही मानसून की बारिश से शहर तरबतर हो गया। वहीं, जिलेभर के खेतों में भी बारिश का पानी जमा हो गया। ब्यावरा में ढकोरा रोड का नाला उफान पर आने से दोनों ओर सैंकड़ों यात्री व वाहन फंसे रहे। शाम करीब चार बजे अचानक उफान पर आए नाले के उतरने का इंतजार लोग करते रहे लेकिन रात नौ बजे तक भी ऐसे ही हालात बने रहे। बता दें कि हर बार इसी तरह से उक्त नाला बाधा बनता है।
सोमवार से शुरू हुआ बारिश का दौर शुक्रवार को भी जारी रहा। शुक्रवार सुबह तक 24 घंटे में सारंगपुर में सबसे अधिक 13.8 सेमी और खिलचीपुर में सबसे कम 1.2 सेमी बारिश हुई। राजगढ़ में 2.1 सेमी,ब्यावरा में 3.4 सेमी, नरसिंहगढ़ में 2.3 सेमी, जीरापुर में4.0 सेमी और पचोर में 1.6 बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आगामी 24 घंटे में पूरे प्रदेश में तेज बारिश के आसार हैं।
बस्तियों में मचा कीचड़
लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश से जिलेभर की नदी-नालों में भी पानी पहुंच गया। साथ ही शहरों, नगरों में छोटी-छोटी बस्तियों में भी पानी और कीचड़ जमा हो गया। हालांकि यह सीजन की पहली बारिश है जिसका पानी नदियों तक पहुंच गया। बस्तियों में कीचड़ मच जाने से लोगों की परेशानियां शुरू हो गईं है।
जून में इस साल पहले से अधिक बारिश
तहसील 29 जून 29 जून
2018 तक 2017 तक
राजगढ़ 9.28 सेमी 11.59 सेमी
ब्यावरा 12.38 सेमी 3.2 सेमी
नरसिंहगढ़ 10.90 सेमी 8.45 सेमी
सारंगपुर 22.9 सेमी 18.1 सेमी
खिलचीपुर 7.2 सेमी 13.2 सेमी
जीरापुर 17.9 सेमी 11.3 सेमी
पचोर 4.3 सेमी 7.4 सेमी
औसत वर्षा 12.12 सेमी 10.4 सेमी
(मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार)
रुक-रुककर हो रही बारिश फसलों के लिए लाभप्रद है। जिलेभर में अधिकतर बोवनी हो चुकी है। बाकी के बचे हुए किसानों को बारिश बोवनी नहीं करने दे रही।
- बीएल मालवीय, उप-संचालक, कृषि विभाग, राजगढ़
शुक्रवार को दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। आगामी चौबीस घंटे में प्रदेशभर में बारिश के आसार हैं। कहीं-कहीं तेज बारिश के भी आसार हैं।
- एसके नायक, मौसम वैज्ञानिक, भोपाल