
Rajgarh Viral Video: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में राजगढ़ चौराहे पर वर्दीधारी द्वारा नशे की हालत में डंपर रुकवाकर चालक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार शाम करीब 6 बजे यातायात थाने के सामने की है। इसके वीडियो देर शाम को वायरल हुए। हैरानी की बात ये है कि वर्दीधारी और डंपर चालक व मालिक के बीच ट्रैफिक थाना परिसर में काफी देर तक विवाद होता रहा लेकिन ये पता नहीं चल पाया है कि वर्दीधारी ट्रैफिक पुलिस में है भी की नहीं। पत्रिका वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
जानकारी के अनुसार भोजराज गुर्जर का डंपर लेकर चालक शैतान सिंह निवासी बनियाटोड़ी का जा रहा था, जिसे खाकी वर्दी पहने एक जवान (नेम प्लेट पर विक्रम सिंह लिखा था) ने राजगढ़ चौराहे पर ट्रैफिक थाने के सामने हाथ देकर रुकवाया। डंपर रोककर जैसे ही ड्राइवर शैतान सिंह नीचे उतरा तो वर्दीधारी ने बगैर किसी कारण के ड्राइवर को दो थप्पड़ मार दिए। ड्राइवर ने इसकी सूचना वाहन मालिक को दी जिसके बाद डंपर मालिक भोजराज गुर्जर मौके पर पहुंचे। वाहन मालिक के मौके पर पहुंचते ही नशे की हालत में मौजूद वर्दीधारी भागते हुए ट्रैफिक थाना परिसर के अंदर जा घुसा।
देखें वीडियो-
डंपर ड्राइवर और मालिक दोनों वर्दीधारी का पीछा करते हुए ट्रैफिक थाना परिसर में पहुंचे और वहां उससे ड्राइवर को थप्पड़ मारने का कारण पूछा। इस दौरान जैसे ही डंपर मालिक ने वर्दीधारी का वीडियो बनाना शुरू किया तो उक्त वर्दीधारी ने अपनी नेम प्लेट निकालकर फेंक दी। इस दौरान दोनों पक्षों में हुई बहस की वजह से कार्यालय परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति भी बनी रही। हालांकि यातायात थाना प्रभारी ने उक्त वर्दीधारी को नहीं पहचानने की बात कही है। पत्रिका वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
ट्रैफिक थाना प्रभारी देवनारायण पांडे ने बताया कि घटना तो हुई है, लेकिन वह हमारा स्टाफ नहीं है। वीडियो में जो वर्दीधारी दिख रहा है पता नहीं वह पुलिस कर्मी है या होमगार्ड का जवान, उसे मैं जानता भी नहीं हूं। फिर भी हम दिखवाकर पहचान करा रहे हैं कि, यह कौन है और कहां पर पदस्थ है।