कामना: अभाविप कार्यकर्ताओं ने अपने रक्षक के लंबी उम्र की कामना की
राजनांदगांव / छुईखदान. अभाविप छुईखदान की छात्रा कार्यकर्ताओ ने पुलिस बल के जवानों को रक्षासूत्र बांधकर उनकी दीर्घायु होने की कामना करते हुए रक्षा बंधन का त्यौहार पुलिस थाना छुईखदान में मनाया। सुरक्षा बल के जवान अपने घर परिवार से दूर रहकर जनता की सेवा में अपना सर्वस्व देते है। और अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा से पालन करते है अत: समाज को भी उनके प्रति प्यार व स्नेह की भावना रखनी चाहए इसी सोच के साथ विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता पुलिस बल के जवानों के बीच पहुंचे। इस अवसर पर थाना प्रभारी नरेंद्र पुजारी सहित पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे।
ब्रम्हकुमारी बहनों ने मनाया रक्षाबंधन का पर्व
गंडई पंडरिया. प्रजापति ब्रम्हकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के स्थानीय सेवा केंद्र गंडई द्वारा रक्षाबंधन के पावन पर्व पर पुलिस थाना गंडई पहुंचकर पुलिस के जवानों जो भाई-बहनों के पवित्र पर्व पर घर नहीं जा पाते ऐसे सुरक्षाबलों के जवानों को राखी बांधी इस रक्षाबंधन के पर्व के आयोजन कार्यक्रम में आध्यामिक रहस्य बताकर मुँह मीठा कराया गया। इस अवसर पर नपाध्यक्ष रूखमणी कृष्णा देवांगन, सतीश सिंघानिया, चेवेंद्र ताम्रकार, संजय अग्रवाल, जीवन दास रात्रे, सुधांशु यादव, सुनील गोयल, बहुर सिंह सोनी उपस्थित रहे।
छात्राओं ने भाइयों की कलाई में राखी बांधी
डोंगरगढ़. सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर छात्राओं ने छात्रों की कलाई में रक्षा का सूत्र बांधा। छात्र-छात्राओं ने गीत, कहानी, भाषण की प्रस्तुति भी दी। आचार्य सुरेश वैष्णव ने रानी कर्णवती और हुंमायुं तथा इंद्र और इंद्राणी की कहानी के माध्यम से रक्षाबंधन पर्व को समझाया। आचार्य विनोद ताम्रकार ने पौराणिक कहानियों के माध्यम से रक्षाबंधन पर्व पर प्रकाश डाला। प्राचार्य प्रकाश यादव ने रक्षाबंधन पर्व के महत्व को समझाते हुए पर्यावरण संरक्षण की बात कही और बच्चों में देशभक्ति का भाव जागृत की तथा पाश्चात्य संस्कृति को छोडऩे की बात उन्होंने कही। अंत में बहनों ने भाइयों के कलाई पर मंत्र उच्चारण के साथ रक्षा सूत्र बांधे।